IPL 2025: एकतरफा मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2025: एकतरफा मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया

GT के लिए सिराज ने झटके चार विकेट

IPL 2025, SRH vs GT (Image Credit- Twitter X)
IPL 2025, SRH vs GT (Image Credit- Twitter X)

IPL 2025, SRH vs GT: जारी आईपीएल 2025 में आज 6 अप्रैल, रविवार को 19वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने हैदराबाद के खिलाफ 7 विकेट से एक आसान जीत हासिल की है।

मुकाबले में पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात ने हैदराबाद को सिर्फ 152 रनों पर रोका, और उसके बाद इस टारगेट को 16.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर बड़ी ही आसानी से हासिल कर लिया। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 61* रनों की कप्तानी पारी खेली।

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम गुजरात टाइटंस, 19वें आईपीएल मैच का हाल

दूसरी ओर, मैच के बारे में आपको विस्तार से जानकारी दें, तो टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 152 रन बनाए। मुकाबले में हैदराबाद की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड (8) को मोहम्मद सिराज ने कैच आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।

तो वहीं, पहले मैच के बाद आउट ऑफ फाॅर्म नजर आए अभिषेक शर्मा (18) और ईशान किशन (17) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। मिडिल ऑर्डर में एसआरएच के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ने 31, हेनरिक क्लासेन ने 27 और अनिकेत वर्मा ने 18 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कप्तान पैट कमिंस ने अंत में 9 गेंदों में 22* रनों की तेज पारी खेली, जिसकी वजह से टीम इस टारगेट तक पहुंचने में सफल रही।

दूसरी ओर, गुजरात टाइंटस की ओर से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली, खासकर तेज गेंदबाजों से। अनुभवी मोहम्मद सिराज ने 4 ओवरों में 17 रन खर्च करते हुए 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर को 2-2 सफलता मिली।

इसके बाद, जब गुजरात टाइटंस हैदराबाद से मिले 153 रनों के आसान लक्ष्य की पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 16.4 ओवर्स में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 61* रनों की नाबाद पारी खेली, तो वाॅशिंगटन सुंदर ने 49 और शेरफेन रदरफाॅर्ड ने 35* रनों की पारी खेली।

close whatsapp