पैट कमिंस एंड कंपनी को KKR ने बुरी तरह पीटा, SRH को मिली IPL इतिहास की सबसे बड़ी हार
सनराइजर्स हैदराबाद 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 120 पर ऑलआउट हो गई।
अद्यतन - Apr 3, 2025 11:16 pm

आईपीएल 2025 का 15वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच ईडन गार्डन्स में खेला गया। इस मुकाबले में कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी कर 200 रन बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.4 ओवर में 120 रन पर सिमट गई और KKR ने 80 रन से जीत दर्ज की। यह आईपीएल के इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद की सबसे बड़ी हार है। वहीं, जारी सीजन में यह पैट कमिंस एंड कंपनी की लगातार तीसरी हार है।
रघुवंशी और वेंकटेश अय्यर ने खेली कमाल की पारी
कोलकाता नाइट राइडर्स को पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत मिली थी। टीम ने मात्र 16 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। क्विंटन डी कॉक (1) और सुनील नरेन (7) सस्ते में पवेलियन लौट गए। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 27 गेंदों में एक चौके और 4 छक्कों की मदद से बहुमूल्य पारी खेली।
अंगकृष रघुवंशी ने 32 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। वहीं, वेंकटेश अय्यर ने 29 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 60 रन की शानदार पारी खेली। जबकि रिंकू सिंह ने अपना कमाल दिखाते हुए 17 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जिसके चलते टीम 6 विकेट के नुकसान 200 रन बोर्ड पर लगा पाए। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मोहम्मद शमी, पैट कमिंस, जीशन अंसारी, हर्षल पटेल और कामिंदु मेंडिस ने 1-1 विकेट चटकाए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने की खराब बल्लेबाजी
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को बेहद ही खराब शुरुआत मिली। टीम ने पावरप्ले के अंदर 9 रन के स्कोर पर तीन बड़े विकेट गंवा दिए। ट्रैविस हेड (4), अभिषेक शर्मा (2) और ईशान किशन (2) सस्ते में पवेलियन लौट गए।
नीतिश कुमार रेड्डी (19), कामिंदु मेंडिस (27), अनिकेत वर्मा (6) और कप्तान पैट कमिंस (14) का बल्ला भी नहीं चला। हेनरिक क्लासेन ने 21 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 33 रन की पारी खेली।
कोलकाता के लिए वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओर में 22 रन देकर तीन विकेट और वैभव अरोरा ने 4 ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट झटके। इनके अलावा, आंद्रे रसेल के नाम दो विकेट और हर्षित राणा, सुनील नरेन के नाम 1-1 विकेट शामिल रहे।
IPL में सनराइजर्स हैदराबाद की सबसे बड़ी हार-
80 रन बनाम KKR, ईडन गार्डन्स, 2025
78 रन बनाम CSK, चेन्नई, 2024
77 रन बनाम CSK, हैदराबाद, 2013
72 रन बनाम RR, हैदराबाद, 2023
72 रन बनाम PBKS, शारजाह, 2014