IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हराकर दर्ज की सीजन में तीसरी जीत - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हराकर दर्ज की सीजन में तीसरी जीत

मुंबई ने मैच में कमाल की गेंदबाजी की

MI vs SRH (Image Credit- Twitter X)
MI vs SRH (Image Credit- Twitter X)

IPL 2025, MI vs SRH: आईपीएल के जारी 18वें सीजन का 33वां मैच आज 17 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में मुंबई ने हैदराबाद के खिलाफ 4 विकेट से जीत हासिल की है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने मुंबई के सामने जीत के लिए 163 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे बाद में एमआई ने 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। यह जारी सीजन में मुंबई इंडियंस की तीसरी जीत है।

एमआई बनाम एसआरएच, आईपीएल 2025 के 33वें मैच का हाल

वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए इस मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो मुंबई इंडियंस ने टाॅस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। इसके बाद हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर कुल 162 रन बनाए। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड (28) और अभिषेक शर्मा (40) ने धीमी शुरुआत की, जिसका श्रेय मुंबई के गेंदबाजों को जाता है।

हैदराबाद ने पावरप्ले में सिर्फ 46 रन बनाए। इसके अलावा ईशान किशन 2 रन बनाकर विल जैक के खिलाफ आउट हो गए, तो नीतीश कुमार रेड्डी ने 19 और हेनरिक क्लासेन ने 37 रनों का योगदान दिया। अंत में अनिकेत वर्मा 18* और पैट कमिंस 8* रन बनाकर नाबाद रहे।

दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली। स्पिनर विल जैक को 2 विकेट मिले। इसके अलावा ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को 1-1 विकेट मिला। बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 21 रन खर्चे।

इसके बाद, मुंबई ने हैदराबाद से मिले 163 रनों के लक्ष्य को 18.1 ओवर में 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम के लिए सभी बल्लेबाजों को अच्छा स्टार्ट मिला। रियान रिकेल्टन ने 31, रोहित शर्मा ने 26, विल जैक ने 36 और सूर्यकुमार यादव ने 26 रनों की पारी खेली, तो वहीं अंत में तिलक वर्मा 21* रन बनाकर नाबाद रहे, और टीम को मैच जिताकर ही लौटे। हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में पैट कमिंस को 3, एहसान मलिंगा को 2 और हर्षल पटेल को 1 विकेट मिला।

close whatsapp