IPL 2026: प्लेऑफ की जंग के लिए पंजाब से भिड़ रही है दिल्ली कैपिटल्स, हार से बिगड़ सकता है पूरा खेल

IPL 2026: प्लेऑफ की जंग के लिए पंजाब से भिड़ रही है दिल्ली कैपिटल्स, हार से बिगड़ सकता है पूरा खेल

एक जीत बदल सकती है दोनों टीमों का भविष्य, धर्मशाला में होगी कड़ी परीक्षा

IPL 2026 Punjab Kings (Image credit Twitter - X)
IPL 2026 Punjab Kings (Image credit Twitter – X)

IPL 2026 अब अपने सबसे अहम दौर में पहुंच चुका है और हर मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल रहा है। ऐसे में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों टीमें 11 मई को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में भिड़ेंगी, जहां जीत और हार का असर सीधे प्लेऑफ की उम्मीदों पर पड़ेगा।

लगातार हार से दबाव में पंजाब किंग्स

सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है। टीम अपने पिछले तीन मुकाबले लगातार हार चुकी है, जिससे उसकी स्थिति थोड़ी कमजोर हो गई है। हालांकि, टीम के पास अभी भी 13 अंक हैं और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब टीम लंबे समय तक टॉप पर बनी हुई थी, लेकिन लगातार हार ने उन्हें पीछे धकेल दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनका एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिससे उन्हें सिर्फ एक अंक मिला।

अब अगर पंजाब दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज कर लेती है, तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना लगभग 91 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। इतना ही नहीं, टीम टॉप-2 में जगह बनाने की दौड़ में भी मजबूत स्थिति में आ जाएगी।

दिल्ली के लिए करो या मरो की स्थिति

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है। टीम ने इस सीजन 11 मैचों में सिर्फ चार जीत हासिल की हैं और अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली टीम अगर यह मैच हार जाती है, तो उसका प्लेऑफ का सपना लगभग खत्म हो जाएगा। ऐसे में टीम पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरने वाली है।

धर्मशाला में होगा सीजन का पहला मुकाबला

तो वहीं, आईपीएल 2026 में धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में यह पहला मैच खेला जाएगा। पहाड़ों के बीच बने इस खूबसूरत मैदान पर दोनों टीमों के लिए दबाव काफी ज्यादा रहने वाला है।

अगर पंजाब को एक और हार मिलती है तो उसकी क्वालिफिकेशन की संभावना 63 प्रतिशत तक गिर सकती है। यही वजह है कि यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद निर्णायक माना जा रहा है।

close whatsapp