भारत के खिलाफ शतक जड़ने के बाद राइली रूसो ने IPL 2023 ऑक्शन को लेकर दिया बड़ा बयान
एक खिलाड़ी के रूप में कभी-कभी आपका दिन नहीं होता है, लेकिन आपको बस अपने ऊपर भरोसा करना चाहिए और हार नहीं माननी चाहिए: राइली रूसो
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2022 3:27 अपराह्न

भारत के खिलाफ शुरुआती दो टी-20 मुकाबलों में शून्य पर आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज राइली रूसो ने तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में शतक जड़ तमाम आलोचकों को करारा जवाब दिया। इस मैच में रूसो ने कमाल की बल्लेबाजी की और 7 चौके और 8 छक्के की मदद से 48 गेंदों में 100* रन बनाए। दक्षिण अफ्रीकाई बल्लेबाज की इस बेहतरीन पारी की वजह से टीम ने 49 रन से इस मुकाबले को जीता।
बता दें, रूसो ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 2014 में डेब्यू किया था, लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन ना कर पाने की वजह से वो कभी टीम के अंदर और कभी टीम के बाहर रहते थे। उन्होंने अभी तक राष्ट्रीय टीम के लिए 36 वनडे और 21 टी-20 मुकाबले खेले हैं। रूसो ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
IPL 2023 ऑक्शन भी काफी करीब है और तमाम फ्रेंचाइजी टीमें इस शानदार बल्लेबाज को अपने स्क्वॉड में शामिल करना चाहेंगी। रूसो से मैच के बाद जब IPL 2023 को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपना पक्ष सभी के सामने रखा।
मुझे अपनी काबिलियत के ऊपर भरोसा है: राइली रूसो
राइली रूसो ने मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘एक खिलाड़ी के रूप में कभी-कभी आपका दिन नहीं होता है, लेकिन आपको बस अपने ऊपर भरोसा रखना चाहिए और हार नहीं माननी चाहिए। मैंने अपने असिस्टेंट कोच से बात की और उन्होंने मुझे मेरी बल्लेबाजी को लेकर काफी चीजें बताई। बड़ा स्कोर बनाने के लिए खुद पर विश्वास होना बेहद जरूरी है।’
दक्षिण अफ्रीकाई बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘मुझे अपनी काबिलियत के ऊपर पूरा भरोसा है और मैंने पूरी दुनिया को यह दिखाया है। मेरे अंदर कभी भी आत्मविश्वास की कमी नहीं रही।’
राइली रूसो ने 2015 में अपना आखिरी IPL मैच खेला था। इसको लेकर रूसो ने कहा कि, ‘ ऑक्शन मेरे हाथ में नहीं है और ना ही मैं इसके बारे में ज्यादा सोच रहा हूं। मैं आज सबसे पहले 1 रन लेने को देख रहा था और उसके बाद मैंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की।
डी कॉक ने भी जमकर की रूसो की तारीफ
क्विंटन डी कॉक को लेकर रूसो ने कहा कि, ‘एक शॉट जो उन्होंने स्वीप के जरिए छक्के के लिए जड़ा था, उसको देखकर लग गया था कि आज वो काफी स्पेशल पारी खेलेंगे। काफी अच्छा लग रहा है कि टी-20 वर्ल्ड कप से पहले वो अपने फुल फॉर्म में आ गए हैं।’
कप्तान बवुमा के फॉर्म को लेकर उन्होंने कहा कि, ‘हमने इसके बारे में बात की है और मुझे नहीं लगता कि यह टीम पर ज्यादा असर करेगा। अगर किसी का अच्छा दिन होगा तो वह उसको अच्छी तरह से संभालेगा, टेम्बा को बस एक अच्छी पारी की जरूरत है और उसके बाद आप उन्हें हर मैच में रन बनाते हुए देखेंगे। उनकी कप्तानी भी काफी कमाल की है और मुझे लगता है कि इस वर्ल्ड कप में वह हमारे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक होंगे।’