शिखर धवन को अगर भारतीय टीम में वापसी करनी है तो उन्हें IPL 2023 में अपने आपको साबित करना होगा: इरफान पठान
इस समय पंजाब किंग्स राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ IPL 2023 का 8वां मुकाबला खेल रहा है।
अद्यतन - Apr 5, 2023 8:55 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में पंजाब किंग्स ने अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को जबरदस्त मात दी। यह मुकाबला मोहाली में खेला गया था। इस समय पंजाब किंग्स राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ IPL 2023 का 8वां मुकाबला खेल रहा है। शिखर धवन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पंजाब किंग्स की ओर से 29 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 40 रन की बहुमूल्य पारी खेली थी।
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने धवन की इस पारी की जमकर प्रशंसा की है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले इरफान पठान ने शिखर धवन को लेकर बड़ा बयान दिया था। पठान के मुताबिक धवन को IPL 2023 में अपनी कप्तानी को साबित करना ही होगा।
राजस्थान के खिलाफ मुकाबले से पहले इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स को बताया कि, ‘टाटा IPL में शिखर धवन सीनियर खिलाड़ी हैं और उन्होंने लगातार अपनी बल्लेबाजी से कमाल का प्रदर्शन किया है। वो काफी ताकतवर खिलाड़ी हैं और इस साल उन्हें एक कप्तान के रूप में भी अपने आपको साबित करना है। उन्हें कभी टीम के अंदर रखा गया और कभी टीम से बाहर किया गया और इस बात की भी उनको चिंता सता रही है। लेकिन उन्हें यह साबित करना ही होगा कि वो भारतीय क्रिकेट के असली गब्बर है।’
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में शिखर धवन भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने को देखेंगे
शिखर धवन ने अभी तक भारतीय टीम की ओर से कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए 34 टेस्ट मुकाबलों में 40.61 के औसत से 2315 रन बनाए हैं। यही नहीं वनडे फॉर्मेट में उन्होंने 167 मुकाबलों में 44.11 के औसत से 6793 रन जड़े हैं। टी-20 प्रारूप में उन्होंने 68 मुकाबलों में 27.92 के औसत से 1759 रन बनाए हैं।
इस साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और शिखर धवन यही चाहेंगे कि वो इंडियन प्रीमियर लीग में कमाल का प्रदर्शन करें और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाए। हालांकि उनका टीम में वापसी करना इतना आसान नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस समय युवा बल्लेबाज शुभमन गिल काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही इशान किशन ने भी पिछले कुछ समय में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।