“मैं बस यही चाहता हूं कि रोहित…”, मेलबर्न टेस्ट की दूसरी पारी से पहले इरफान पठान ने भारतीय कप्तान के फॉर्म को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया
रोहित शर्मा का प्रदर्शन अभी तक इस टेस्ट सीरीज में काफी खराब रहा है।
अद्यतन - Dec 29, 2024 8:21 pm

पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा से यही चाहते हैं कि वो मेलबर्न में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाए। हालांकि, इरफान पठान का मानना है कि अगर यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल दूसरी पारी में ओपनिंग करेंगे तो टीम इंडिया के लिए यह ज्यादा कारगर साबित होगा।
बता दें कि, रोहित शर्मा का प्रदर्शन अभी तक इस टेस्ट सीरीज में काफी खराब रहा है। वह दूसरे और तीसरे टेस्ट में बल्ले से कमाल नहीं दिखा सकें। यही नहीं इस समय खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में भी रोहित शर्मा सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए।
इस बीच स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत के दौरान इरफान पठान ने कहा कि, ‘मैं यही चाहता हूं कि रोहित शर्मा रन बनाए, क्योंकि उन पर काफी दबाव है। रोहित शर्मा टीम इंडिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और शानदार कप्तान भी हैं। इस समय रोहित अपने फॉर्म में नहीं हैं। मैं यही चाहता हूं कि जिस भी बल्लेबाजी क्रम में वो आए उसमें वो ज्यादा से ज्यादा रन बनाए।’
केएल राहुल को लेकर इरफान पठान ने क्या कहा
इरफान पठान ने आगे कहा कि, ‘अगर मैं वहां बैठा होता और यह फैसला लेना होता कि किसे ओपन करना चाहिए, तो मैं केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के साथ जाता। केएल राहुल ने अभी तक टीम इंडिया की ओर से काफी अच्छी ओपनिंग की है। वो Sam Kontas और उस्मान ख्वाजा से बेहतर प्रदर्शन इस सीरीज में कर चुके हैं।’
मुकाबले की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 474 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 369 रन बनाए। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 9 विकेट खोकर 228 रन बना लिए हैं और उसकी कुल 333 रनों की बढ़त हो गई है।
खेल का पांचवा दिन दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है। इस समय 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। अगर टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे चौथे टेस्ट को जीतना है, तो रोहित शर्मा को बड़ा स्कोर बनाना बेहद ही जरूरी है।