IPL 2023: सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की तुलना करते हुए इरफान पठान ने दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की तुलना करते हुए इरफान पठान ने दिया बड़ा बयान

विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 49 गेंदो में 6 चौके और 5 छक्को की मदद से 82 रनों की पारी खेली।

Virat Kohli Irfan Pathan Sachin Tendulkar (Photo Source: Twitter)
Virat Kohli Irfan Pathan Sachin Tendulkar (Photo Source: Twitter)

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में पहले गेंदबाजों ने कमाल दिखाया, उसके बाद विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस की तूफानी पारी के आगे मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 49 गेंदो में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 82 रनों की नाबाद पारी खेली। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी व क्रिकेट कमेंटेटर इरफान पठान ने विराट कोहली की बल्लेबाजी पर बड़ा बयान दिया है।

केवल सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ही ऐसा करते हैं- इरफान पठान

विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में बड़े गेंदबाजों को ही अपना निशाना बनाया। जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाज के खिलाफ विराट कोहली शानदार बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। जिसके बाद इरफान पठान ने किंग कोहली के इस अंदाज की तुलना दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से की।

इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ऐसा ही करते हैं। सचिन तेंदुलकर भी ऐसा ही करते थे, वह विरोधी टीम के बड़े गेंदबाजों को टारगेट करते थे चाहे वह ग्लेन मैक्ग्रा हो या शेन वॉर्न। हमने यह कई बार देखा है। विराट कोहली भी बिल्कुल उसी तरह के खिलाड़ी हैं। इसलिए उनका कहना है कि चुनौती का सामना करने पर वह बेहतर ढंग से काम करेंगे।’

आर्चर और कोहली की जंग पर इरफान पठान ने कही यह बात

जोफ्रा आर्चर की पहली ही गेंद पर विराट कोहली का कैच ड्रॉप हो गया था। जिसके बाद कोहली ने आर्चर के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाना शुरू किया था। विराट कोहली और जोफ्रा आर्चर के बीच हुए जंग का मजा इरफान पठान उठाते हुए नजर आए।

इरफान पठान ने जोफ्रा आर्चर और विराट कोहली के बीच हुई जंग को लेकर आगे बात करते हुए कहा, ‘मैं जोफ्रा आर्चर और विराट कोहली को आमने-सामने देखने के लिए उत्साहित था। विराट कोहली ने इस बार का मुकाबला जीत लिया। पहली गेंद पर मौका मिला था लेकिन उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। केवल जोफ्रा आर्चर ही पीछे मुड़ रहे थे। क्योंकि गेंद बाउंड्री के बाहर जा रही थी।’

close whatsapp