एमएस धोनी आईपीएल 2024 के जरिए मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं, जहां वह एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नेतृत्व करेंगे। घुटने की चोट को देखते हुए, आईपीएल 2023 के बाद धोनी आगामी सीजन में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर संदेह था। लेकिन सीएसके के कप्तान ने पुष्टि की है कि वह टूर्नामेंट के 17वें संस्करण का हिस्सा होंगे।
इसी बीच भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि आईपीएल 2024 माही का आखिरी सीजन नहीं होगा क्योंकि उनकी फिटनेस कमाल की है। बता दें कि धोनी आईपीएल 2023 में घुटने के कारण परेशान नजर आए थे लेकिन उन्होंने कोई मैच मिस नहीं किया। उन्होंने सीएसके के पांचवीं बार ट्रॉफी जीतने के बाद घुटने की सर्जरी कराई थी।
एमएस धोनी को लेकर बोले इरफान पठान
इरफान पठान से स्टार स्पोर्ट्स पर एक शो में पूछा गया कि क्या यह धोनीका आखिरी सीजन होगा? इसपर पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, ”निश्चित रूप से नहीं। मैं उनसे लगभग एक महीने पहले मिला था। उनके लंबे बाल थे। वह अपने बाल बढ़ा रहे हैं। वह अपने पुराने समय में वापस जा रहे हैं और बेहद फिट दिख रहे हैं। वह 40 साल के हो गए हैं और अभी भी फिट हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि वह फ्रेंचाइजी और सभी प्रशंसकों के लिए खेलना जारी रखेंगे।”
पठान ने आगे कहा कि, ”मैंने यह कहा… जाहिर है यह अतिशयोक्ति थी, भले ही धोनी एक पैर पर खेलें फिर भी लोग उन्हें खेलते देखना पसंद करेंगे।” पठान को लगता है कि आईपीएल से संन्यास लेने के बाद भी धोनी का CSK के साथ जुड़े रहेंगे। CSK ने धोनी को IPL 2008 की नीलामी में खरीदा था और वह तब से फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं। 2016 में जब चेन्नई पर दो साल का बैन लगा तब धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेले थे।
बता दें कि, धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2023 चैंपियन बनी थी। CSK अब खिताब का बचाव करने के लिए पूरा जोर लगाएगी। धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा गया था लेकिन वह आईपीएल में एक्टिव हैं। 42 वर्षीय धोनी काफी फिट हैं। मैदान पर उनकी फुर्ती का जवाब नहीं।