क्या महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल मैच के लिए 'रिज़र्व डे'? जानें यहाँ

क्या महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल मैच के लिए ‘रिज़र्व डे’? जानें यहाँ

महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में पहुँचने वाली चारों टीमों ने 2017 के सेमीफाइनल्स में भाग लिया था। पहला सेमीफाइनल कल यानी 29 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा।

ICC Women's World Cup 2025 (Image Credit- Twitter/X)
ICC Women’s World Cup 2025 (Image Credit- Twitter/X)

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का अंतिम चरण आ चुका है। कल यानी बुधवार 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में इस प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का सामना 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में करेगी।

पर इस प्रतियोगिता में शुरुआत से ही बारिश का अहम किरदार रहा है, जिसके कारण सभी की जुबां पर यही सवाल है कि क्या इस प्रतियोगिता के तीन सबसे अहम मुकाबलों में ‘रिज़र्व डे’ यानी एक और दिन का प्रावधान है या नहीं? गौर फरमाने वाली बात है कि आईसीसी यानी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् द्वारा विश्व कप के सेमीफाइनल तथा फाइनल के लिए ‘रिज़र्व डे’ का प्रावधान किया गया है।

दोनों ही मैदानों में बारिश की संभावना जताई गई है। एक तरफ गुवाहाटी में हल्की बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर नवी मुंबई में 30 अक्टूबर को बारिश की संभावना दिखाई दे रही है।

क्या होगा अगर ‘रिज़र्व डे’ पर भी बारिश हो जाए?

आईसीसी के नियमों के अनुसार, बारिश से प्रभावित मैच को ओवर घटाकर भी निर्धारित दिन पर पूरा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। अगर 50 ओवर का मैच शुरू होकर रुकता है, तो यह रिज़र्व डे पर वहीं से दोबारा शुरू होगा। हालांकि, यदि बीच में दोबारा खेल रुकता है, तो घटे हुए ओवरों की संख्या रिज़र्व डे के लिए भी कैरी ओवर की जाएगी।

मैच का परिणाम घोषित करने के लिए प्रत्येक टीम को कम से कम 20 ओवर खेलना अनिवार्य है। यदि दोनों दिन बारिश के कारण खेल नहीं हो पाता है, तो पॉइंट्स टेबल में बेहतर स्थिति वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी, जैसे पहले मुकाबले में इंग्लैंड और दूसरे में ऑस्ट्रेलिया। यदि फाइनल रद्द होने की स्थिति आती है, तो यह ट्रॉफी दोनों फाइनलिस्ट टीमों के बीच साझा की जाएगी।

गौरतलब है कि महिला विश्व कप 2025 का फाइनल नवी मुंबई के डॉक्टर डी वाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में 2 नवंबर को खेला जाएगा। यह इस प्रतियोगिता का 13वां सीजन है।

close whatsapp