विराट कोहली खेलेंगे इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच? बेटे अकाय के जन्म के बाद आ रही हैं ऐसे खबरें
निजी कारणों की वजह से विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया था।
अद्यतन - फरवरी 22, 2024 1:44 अपराह्न

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों क्रिकेट से दूर अपने परिवार के साथ वक्त बिता रहे हैं। टीम इंडिया इस वक्त इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है लेकिन विराट ने निजी कारणों की वजह से इस सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया था। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के पहले दो टेस्ट मैचों के लिए जब स्क्वॉड का ऐलान किया गया था, तब विराट कोहली इसका हिस्सा थे।
इसके बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से पर्सनल लीव मांगी और पहले दो टेस्ट से बाहर हो गए। इसके बाद विराट ने अपनी छुट्टी को एक्सटेंड किया और वह बचे हुए तीन टेस्ट मैचों से भी बाहर हो गए। हाल ही में विराट ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि, कोहली दूसरी बार पिता बने हैं, 15 फरवरी को अनुष्का शर्मा ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम अकाय कोहली रखा गया है।
सीरीज का चौथा टेस्ट मैच 23 फरवरी से रांची में खेला जाना है और इसमें विराट की वापसी मुश्किल है, लेकिन अब खबर ये आ रही है कि वह पांचवें टेस्ट में स्क्वॉड में वापसी कर सकते हैं। सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाना है। लेकिन अब सभी के मन में एक ही सवाल है कि, क्या विराट कोहली धर्मशाला टेस्ट मैच खेलने के लिए टीम में वापसी करेंगे?
पांचवें टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे विराट कोहली
आखिरी तीन टेस्ट मैचों के लिए स्क्वॉड का ऐलान पहले ही हो चुका है और विराट ने सीरीज के बचे हुए सभी टेस्ट मैचों से बाहर रहने का फैसला लिया। ऐसे में धर्मशाला टेस्ट मैच में उनकी वापसी काफी मुश्किल है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंदन में हैं और वहीं अकाय कोहली का जन्म हुआ है। ऐसे में इस वक्त विराट अपने परिवार और बेटे के साथ अधिक से अधिक समय बिताना चाहेंगे और इस सीरीज में नहीं खेलेंगे।
विराट को लेकर हाल ही में जय शाह ने कहा था कि अगर कोई खिलाड़ी अपने 15 साल के करियर में पर्सनल लीव मांगता है, तो यह उसका हक है। हमें अपने खिलाड़ियों को बैक करना चाहिए। रांची टेस्ट मैच से जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है, जबकि केएल राहुल अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और चौथा टेस्ट मैच भी नहीं खेल पाएंगे। भारत सीरीज में 2-1 से आगे चल रहा है।