इंडिया टीम में ना चुने जाने से नाराज ईशान किशन ने बुची बाबू टूर्नामेंट में मचाया धमाल, 10 छक्के जड़ झारखंड की ओर से ठोका शतक
ईशान किशन ने मध्य प्रदेश के खिलाफ खेले जा रहे मैच में 86 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
अद्यतन - अगस्त 16, 2024 8:10 अपराह्न

भारतीय टीम के बेहतरीन विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन इस समय बुची बाबू टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। उन्होंने 16 अगस्त, शुक्रवार को मध्य प्रदेश के खिलाफ ग्रुप A मुकाबले में झारखंड की ओर से खेलते हुए तूफानी शतक जड़ा। बता दें कि ईशान ने अपना शतक सिर्फ 86 गेंदों में पूरा किया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी इस पारी के दौरान 10 छक्के जड़े। इस शतक के साथ ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार वापसी की है। सोशल मीडिया पर उनके इस पारी की तमाम लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
बता दें कि, ईशान किशन पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ईशान ने रणजी ट्रॉफी 2024 में भाग लेने से मना कर दिया था, जिसके बाद उन्हें बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी हटा दिया गया। हालांकि, अब उन्होंने शतक लगाकर भारतीय टीम में अपनी वापसी का रास्ता ढूंढ लिया है।
मध्य प्रदेश के खिलाफ खेले जा रहे मैच में ईशान किशन झारखंड की ओर से नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने आते ही आक्रमक क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया और नेरामवीर गुर्जर, अधीर प्रताप सिंह व आकाश राजावत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बटोरे। इन तीनों गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने 8 छक्के लगाए। इसके अलावा एक छक्का उन्होंने पारुष मंडल की गेंद पर लगाया। ईशान की पारी कितनी बेहतरीन रही, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने अपने शतक के 71 फीसदी रन छक्के-चौके से बनाए।
Ishan Kishan hits back to back sixes to reach 86 ball century in Buchi Babu tournament. 🤯
– Welcome back, Kishan…!!! ⭐pic.twitter.com/a7Nw1hgs7H
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) August 16, 2024
पुरानी लय में नजर आए ईशान किशन
ईशान किशन ने बुची बाबू क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने का फैसला खुद किया था और झारखंड ने उन्हें अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया। टूर्नामेंट में उनका आगाज बेहतरीन रहा है और अनुभवी खिलाड़ी आगे भी इसी तरीके से बल्लेबाजी करना चाहेंगे।
हाल ही में समाप्त हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भारतीय टीम में ईशान किशन को जगह नहीं मिली थी। हालांकि, अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी 2025 खेला जाना है और ईशान किशन इसका हिस्सा जरूर बनना चाहेंगे। यही नहीं इस टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम को बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। इन दोनों सीरीज पर ईशान किशन की निगाहें जरूर होंगी।