टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए नहीं चुने जाने के बाद टूट गए थे ईशान किशन; पिता ने बेटे को दी खास सलाह का किया खुलासा
पिता प्रणव कुमार पांडे की सलाह के बाद एक बार फिर चमके ईशान किशन के सितारे।
अद्यतन - दिसम्बर 16, 2022 1:51 अपराह्न

भारत के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन इस समय बल्ले के साथ शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने 15 दिसंबर को जारी रणजी ट्रॉफी 2022-23 के ग्रुप सी मैच में झारखंड के लिए खेलते हुए केरल के खिलाफ शानदार शतक लगाया। आपको बता दें, बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अब तक का सबसे तेज दोहरा शतक लगाया था, और उन्होंने इस फॉर्म में रणजी ट्रॉफी 2022-23 में भी जारी रखा।
उन्होंने 8 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 195 गेंदों में 132 रन बनाए, और झारखंड को अपनी पहली पारी में केरल के खिलाफ 340/10 का स्कोर खड़ा करने में मदद की। इस बीच, ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडे ने अपने बेटे के शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें दी अनमोल सलाह का खुलासा करते हुए बताया कि वह कभी भी अपने बेटे से ज्यादा बात नहीं करते, जब भी वह अच्छा प्रदर्शन करता है।
दोहरे शतक को अपने सिर पर मत चढ़ने देना: प्रणव कुमार पांडे
उन्होंने ईशान को सलाह दी कि वह एक समय पर एक पारी लें और दोहरे शतक को अपने सिर पर न चढ़ने दें। प्रणव कुमार पांडे ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा: “जब भी वह रन बनाता है, तो मैं उससे ज्यादा कुछ नहीं बोलता, क्योंकि उसे पूरी दुनिया से शाबाशी मिल रही होती है। उसने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच के बाद मुझे फोन किया और मैंने उससे कहा, ‘अगले मैच में तुम फिर जीरो से शुरुआत करोगे। इस दोहरे शतक को अपने सिर पर मत चढ़ने देना।’”
इस बीच, प्रणव पांडे ने आगे खुलासा किया कि कैसे ईशान किशन टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए नहीं चुने जाने के बाद बहुत ज्यादा निराश हो गया था और उन्होंने कैसे उसे संभाला था। उन्होंने बताया ईशान बहुत उदास हो गया था और वह काफी तनाव में था, मैंने उसे कभी ऐसे नहीं देखा। वह मस्ती करने वाला बच्चा है, लेकिन जब उसे टी-20 वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुना गया, तो वह बहुत दुखी था, उसे नींद नहीं आती थी और वह रात को छत पर टहलता रहता था।
इसलिए एक दिन मैं उसके साथ बैठा, और कहा कि आप इस चीज के लिए दुखी होना बंद करे, और अब से आपका काम केवल यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को आपको ड्रॉप करने का कोई बहाना न मिले। यह काम आप अपने बल्ले को करने दीजिए, अभी आप अभी बहुत छोटे हैं, अगले साल 50 ओवरों का वर्ल्ड कप है, उसके लिए तैयारी करें और जो भी मौकें आपको मिले, आप उनका अधिक से अधिक फायदा उठाएं।