सभी खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा बस उनको सही समय आने का इंतजार करना होगा: रोहित शर्मा - क्रिकट्रैकर हिंदी

सभी खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा बस उनको सही समय आने का इंतजार करना होगा: रोहित शर्मा

भारत ने न्यूज़ीलैंड को तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया।

Rohit Sharma (Image Credit- Twitter)
Rohit Sharma (Image Credit- Twitter)

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 3-0 से मात दी। मेजबान भारत ने तीनों ही डिपार्टमेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। बता दें, इस वनडे टीम में ना तो अक्षर पटेल थे और ना ही केएल राहुल। श्रेयस अय्यर भी चोट की वजह से इस वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाए।

हालांकि इसके बावजूद युवा और अनुभवी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। तमाम लोगों को सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन से भी काफी उम्मीदें थी लेकिन वो अपने बल्ले से बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। तीसरे वनडे मुकाबले के बाद जब कप्तान रोहित शर्मा से रजत पाटीदार को लेकर पूछा गया तो उन्होंने इसका शानदार तरीके से जवाब दिया।

बता दें, रजत पाटीदार इंदौर के ही हैं और तमाम फैंस यही उम्मीद कर रहे थे कि उन्हें तीसरे और अंतिम वनडे मैच में भारतीय प्लेइंग XI में शामिल किया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

सभी को मौका मिलेगा: रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘मुझे पता है कि हम रजत को इंदौर में खिला सकते थे। रांची में किशन भी कह सकते हैं कि मुझे भी खिलाइए क्योंकि मैं यहीं से हूं। लेकिन चीज़ें ऐसे काम नहीं करती, हमें योजना के तहत खेलना पड़ता है। सभी को मौका मिलेगा। हमने यही चीज सभी लड़कों को कह रखी है। हम लोग आपको मौका देंगे बस सही समय आने दीजिए। अभी भी कतार में काफी खिलाड़ी हैं जो अपनी बारी आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’

भारत ने न्यूज़ीलैंड को तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। अब इन दोनों टीमों के बीच 27 जनवरी से तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज शुरू हो रही है। दिग्गज खिलाड़ी जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी को इस टी-20 सीरीज में आराम दिया गया है। यह सभी खिलाड़ी 9 फरवरी से नागपुर में शुरू हो रही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे।

close whatsapp