इस्लामाबाद पुलिस ने पाकिस्तान दौरे पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को ‘वर्ल्ड क्लास’ सुरक्षा देने का किया वादा
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 14 अप्रैल से सीमित ओवरों की सीरीज खेली जाएगी।
अद्यतन - Apr 9, 2023 6:46 pm

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अगले हफ्ते पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय और पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच की मैदानी जंग 14 अप्रैल से T20I सीरीज के साथ शुरू होगी, जबकि कीवी टीम का पाकिस्तान दौरा 7 मई को अंतिम वनडे के साथ समाप्त होगा।
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाने वाली T20I सीरीज के सभी मुकाबले लाहौर और रावलपिंडी में खेले जाएंगे, जबकि वनडे मैच रावलपिंडी और कराची में आयोजित किए जाएंगे। इस बीच, इस्लामाबाद पुलिस ने 9 अप्रैल को घोषणा की कि वे न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को पाकिस्तान में वर्ल्ड-क्लास सुरक्षा प्रदान करेंगे।
न्यूजीलैंड के पाकिस्तान दौरे से पहले इस्लामाबाद पुलिस ने जारी किया बयान
इस्लामाबाद पुलिस ने यह भी कहा कि उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे के साथ-साथ पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2023 के दौरान टीमों को उच्चतम स्तर की सुरक्षा प्रदान की थी। इस्लामाबाद पुलिस ने ट्विटर पर लिखा: ‘इस्लामाबाद कैपिटल पुलिस न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को उनकी आगामी यात्रा के दौरान फूल प्रूफ और वर्ल्ड क्लास सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इस्लामाबाद पुलिस ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे और PSL 8 के दौरान उच्चतम स्तर की सुरक्षा प्रदान की है। ICTP इस्लामाबाद और रावलपिंडी में अन्य हितधारकों के सहयोग से बिना किसी त्रुटि के सुरक्षा के प्रावधान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आईजीपी डॉ अकबर नासिर खान।’
Islamabad Capital Police is fully equipped and shall provide end to end fool proof and World class security to New Zealand Cricket Team during their forthcoming visit.
Islamabad Capital Police has provided the highest level of security during the visit of the English cricket…
— Islamabad Police (@ICT_Police) April 9, 2023
आपको बता दें, इस साल फरवरी में क्वेटा ग्लैडिएटर्स और पेशावर जाल्मी के बीच पीएसएल के एक्सहिबिशन मैच के दौरान क्वेटा के नवाब अकबर बुगती स्टेडियम के पास एक धमाका हुआ था। विस्फोट पुलिस लाइन इलाके में हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए थे।
विस्फोट के कारण मैच को रद्द कर दिया गया था, और सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित रूप से ड्रेसिंग रूम में ले जाया गया था। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने बाद में हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि वे सुरक्षा अधिकारियों को निशाना बना रहे थे।