… मेरे रिश्ते बिगड़ चुके थे: जो रूट ने इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी को लेकर दिया बड़ा बयान
जो रूट ने कहा इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी करते हुए उन्होंने अपना सब कुछ झोंक दिया था।
अद्यतन - जून 6, 2022 2:01 अपराह्न

जो रूट ने एक बार फिर बल्ले के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार शतक लगाया और इंग्लैंड को लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से मात देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
जो रूट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 11 और नाबाद 115 रनों की पारी खेली और पूर्व कप्तान को बल्ले के साथ उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी खेलने के बाद, 31-वर्षीय स्टार बल्लेबाज ने पहली बार टेस्ट कप्तानी के दौरान उन्हें जो मानसिक दबाव झेलना पड़ा उस बारे में खुलासा किया है।
जो रूट ने कप्तानी के दौरान सामना किए गए संघर्षों का खुलासा किया
जो रूट ने मैच के बाद बताया: “मैं अगर ईमानदारी से बताऊं तो कप्तानी और मेरे बीच जो रिश्ता था, वह बहुत खराब हो चूका था। टेस्ट कप्तानी ने मेरे स्वास्थ्य पर बुरा असर डालना शुरू कर दिया था। मैं कप्तानी और इससे आने वाले दबाव और जिम्मेदारियों को मैदान पर छोड़ कर सामान्य जीवन नहीं बिता पा रहा था, ये सारी चीजें घर पर भी मेरा पीछा नहीं छोड़ रही थी। मुझे लगता है कि कप्तान की जिम्मेदारी और उसका दबाव मेरे दिमाग में हमेशा चलता रहता था, जो मेरे परिवार और मेरे करीबी लोगों के लिए सही नहीं था, और न खुद मेरे लिए उचित था। मुझे घर पर केवल अपने और अपने परिवार के साथ होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा था।”
पूर्व कप्तान ने आगे बताया: “मैंने इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी करते हुए अपना सब कुछ झोंक दिया था, और मैं अपनी टीम को आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए बहुत दृढ़ था, लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि टीम को ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए एक अलग तरीके की आवश्यकता हैं। मैं अब बतौर बल्लेबाज अपनी टीम को आसमान की बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। बेन स्टोक्स को हमारी टीम को बदलने और उन ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगा, और मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं।”
लॉर्ड्स में दो शतक लगाए गए
आपको बता दें, न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट की दोनों परियों में 132 और 285 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 141 और 279 रन बनाकर यह मैच पांच विकेट से अपने नाम कर लिया। जेम्स एंडरसन और मैटी पॉट्स ने क्रमशः 6 और 7 विकेट लिए, जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड ने 4 विकेट चटकाएं, वहीं न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट और काइल जैमीसन ने क्रमशः 4, 4 और 6 विकेट लिए। अगर बल्लेबाजी की बात करे तो लॉर्ड्स में डेरिल मिचेल और जो रूट ने शतक लगाए।