BAN vs IND: शुभमन गिल चयनकर्ताओं के लिए सर का दर्द बन गए हैं: आकाश चोपड़ा
शुभमन गिल ने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 152 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 110 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
अद्यतन - दिसम्बर 17, 2022 12:32 अपराह्न

भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ उन्हीं के घर में पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार शतक जड़ तमाम प्रशंसकों का दिल जीत लिया। बता दें, गिल को चोटिल कप्तान रोहित शर्मा की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था।
भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि गिल के हालिया फॉर्म को देखते हुए भारतीय चयनकर्ताओं को दूसरे टेस्ट में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है और साथ ही केएल राहुल जिन्होंने पहले टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया वो दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं।
शुभमन गिल ने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 152 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 110 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 513 रन का लक्ष्य दिया। आकाश चोपड़ा ने भारतीय युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की और उनके मुताबिक इस पारी की वजह से अब केएल राहुल का ओपनिंग स्लॉट भी खतरे में नजर आ रहा है।
केएल राहुल को अब काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘ केएल राहुल को अब काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि उन्होंने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में काफी कम स्कोर बनाया। पहली पारी में वो बोल्ड हो गए थे जबकि दूसरी पारी में भी वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे। वो एक कमाल के खिलाड़ी है लेकिन जैसी बल्लेबाजी शुभमन गिल ने की है उसको देखते हुए यह सवाल उठ रहा है कि अगर रोहित शर्मा की टीम में वापसी होती है तो उनके साथ कौन ओपनिंग करते हुए नजर आएगा?
शुभमन गिल को अभी तक जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने उसका भरपूर फायदा उठाया है। वो अब चयनकर्ताओं के लिए सर का दर्द बन गए हैं क्योंकि अब उनका टीम में रहना बेहद जरूरी हो गया है।’
शुभमन गिल काफी शानदार तरीके से शॉट्स खेलते हैं: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने गिल के लिए आगे कहा कि, ‘शुभमन गिल को खास क्या चीज बनाती है? वो इतने साफ तरीके से अपने शॉट्स खेलते हैं जिसका कोई जवाब नहीं है। लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय है और टेस्ट में भी उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की है।
चाहे कोई भी पिच हो वो एक ओपनर की तरह शानदार तरीके से खेलते हैं। वो हर पिच में रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। लेकिन जब मैं उन्हें नजदीक से देखता हूं मुझे लगता है कि वो नंबर तीन और चार में काफी लंबे समय तक बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं।’