रिटायरमेंट के बाद मोहम्मद आमिर अब टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए हो रहे हैं बेताब!
मोहम्मद आमिर ने हाल ही में चोटिल नसीम शाह की जगह ग्लूस्टरशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ करार किया है।
अद्यतन - May 6, 2022 3:49 pm

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने हाल ही में चोटिल नसीम शाह की जगह ग्लूस्टरशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ करार किया है। आमिर, जो अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने 5 मई को अपनी टीम के लिए पहले विकेट लिए और इससे उनके खेल के सबसे लंबे प्रारूप में लौटने की चर्चा तेज हो गई। बता दें कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अपने टेस्ट संन्यास की घोषणा के ढाई साल बाद प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
यह तय माना जा रहा था कि अगर वो प्रथम श्रेणी के सेटअप में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनसे उनकी टेस्ट वापसी पर सवाल पूछे जाएंगे। हालांकि, पेसर ने कहा कि अभी टेस्ट वापसी के बारे में बात करना जल्दबाजी होगी, और वर्तमान में, वह ग्लूस्टरशायर के साथ अपने कार्यकाल का आनंद ले रहे हैं। ESPNcricinfo के हवाले से मोहम्मद आमिर ने कहा है कि, “टेस्ट में वापसी के बारे में बात करना जल्दबाजी होगी। आप कभी नहीं जानते और चीजें बदली जा सकती हैं लेकिन अभी के लिए, मुझे ग्लूस्टरशायर के लिए खेलने में मजा आ रहा है।
एक गेंदबाज के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं अच्छी गेंदबाजी करूं और सामने से नेतृत्व करूं- मोहम्मद आमिर
आमिर ने सरे के खिलाफ खेलते हुए अपने डेब्यू मैच में 28 ओवर फेंके और वहीं हैम्पशायर के खिलाफ खेलते हुए पहले दिन 21 ओवर गेंदबाजी की। हालांकि वह ज्यादातर नई गेंद से गेंदबाजी करते हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प है कि उन्होंने अब तक के अपने सभी विकेट (तीन) पुरानी गेंद से लिए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, “मैं तीन साल बाद खेल रहा हूं इसलिए एक तेज गेंदबाज के रूप में यह आसान नहीं है। मैंने पिछले चार वर्षों में कोई प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन मैं पहले मैच के बाद बेहतर हो रहा हूं और बस लड़कों की मदद करने और उनके लिए अच्छा करने की कोशिश कर रहा हूं। एक गेंदबाज के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं अच्छी गेंदबाजी करूं और सामने से नेतृत्व करूं, इसलिए मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं।”
आमिर ने दो साल पहले विवादास्पद परिस्थितियों के बीच पाकिस्तान क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन उन्होंने अपने प्रमुख दिनों में दुनिया भर के सबसे बड़े बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी से परेशान किया है।