टी-20 वर्ल्ड कप 2022: रवि अश्विन की चालाकी नहीं समझ पाए पाकिस्तानी टीम
यह मेरी ग्राउंड के बीच तक जाने की सबसे लंबी वॉक थी। ऐसा लग रहा था कि मैं बहुत ही लंबे समय बाद पिच पर उतर रहा हूं: रविचंद्रन अश्विन
अद्यतन - अक्टूबर 26, 2022 5:51 अपराह्न

भारतीय टीम ने ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। उन्होंने इस मुख्य टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए इस मैच में विराट कोहली ने 53 गेंदों में 82 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बता दें, 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम एक समय 31 रन पर अपने शुरुआती 4 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ने पांचवें विकेट के लिए 113 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। कोहली के अलावा हार्दिक पांड्या ने बहुमूल्य 40 रन बनाए।
आखिरी गेंद में भारत को जीत के लिए 2 रन की दरकार थी और गेंदबाजी कर रहे थे मोहम्मद नवाज। बता दें, रवि अश्विन ने चालाकी दिखाते हुए नवाज को वाइड गेंद डालने पर मजबूर किया और इसके बाद उन्होंने 1 रन लेकर भारतीय टीम को जीत दिलाई। रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल में बताया कि जैसे ही उन्होंने एक रन पूरा किया उनके ऊपर से पूरा दबाव हट गया और वो काफी शांत हो गए।
जैसे ही मैंने एक रन लिया मैं तनावमुक्त हो गया: रविचंद्रन अश्विन
अपने यूट्यूब चैनल में बात करते हुए रवि अश्विन ने बताया कि भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला ‘सर्वश्रेष्ठ’ मुकाबलों में गिना जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जब वह बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे तब उन्हें काफी दबाव महसूस हो रहा था।
रवि अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल में एक वीडियो को साझा किया जिसमें उन्होंने बताया कि, ‘मैंने बहुत मुकाबले खेले हैं और यह ‘सर्वश्रेष्ठ’ मुकाबलों में से एक रहेगा। ऐसी बहुत सी यादें हैं और जब भी मैं यह बोलता हूं कि यह सबसे ‘सर्वश्रेष्ठ’ है, तब कोई दूसरा मैच उससे बेहतर हो जाता है। इसीलिए मैंने इसे ‘सर्वश्रेष्ठ’ मैच कहा।’
अश्विन ने आगे कहा कि, ‘यह मेरी ग्राउंड के बीच तक जाने की सबसे लंबी वॉक थी। ऐसा लग रहा था कि मैं बहुत ही लंबे समय बाद पिच पर उतर रहा हूं। मैंने विराट कोहली को देखा और उन्होंने मुझे बहुत सारी चीजें कह दी। जैसे ही मैंने गेंद को लेग साइड आते हुए देखा मैंने सोचा कि इस गेंद से मेरा कोई मतलब नहीं है और मैंने उसे जाने दिया। ऐसे हमें वाइड का एक रन मिल गया। इसके बाद जैसे ही मैंने 1 रन भागकर लिया मेरे अंदर से पूरा तनाव खत्म हो गया।’