पूर्व फील्डिंग कोच ने बताया आखिर क्यों पृथ्वी शॉ को नहीं मिल रही है टीम इंडिया में जगह
पृथ्वी शॉ ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2021 में खेला था।
अद्यतन - जुलाई 29, 2022 3:05 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट उन ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है जहां पर टैलेंटेड खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। ऐसे तमाम युवा खिलाड़ी हैं जो पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सिर्फ घरेलू टूर्नामेंटों में ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा हैं।
हाल ही में समाप्त हुई वेस्टइंडीज बनाम भारत के बीच तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज में भी शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल सहित कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इन सब के बीच एक खिलाड़ी का नाम पिछले काफी समय से गायब रहा है वो हैं पृथ्वी शॉ। पृथ्वी शॉ को पिछले काफी समय से भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए नहीं देखा गया है। इस बीच भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने पृथ्वी शॉ को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बता दें, शॉ ने अपना डेब्यू 2018 में किया था। उस वक्त उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों से की गई थी और ऐसा माना जा रहा था कि अब भारतीय टीम को एक नया सितारा मिल चुका है और उनकी जगह लेना किसी भी खिलाड़ी के लिए नामुमकिन है। लेकिन खराब फॉर्म, विवाद और फिटनेस की वजह से वो टीम इंडिया का नियमित हिस्सा नहीं बन पाए।
क्रिकेट.कॉम में के हवाले से आर श्रीधर ने कहा कि, ‘यह एक ऐसी बात है जिसको सोचकर हम सब कहते हैं, क्यों? एक ऐसा बल्लेबाज जो किसी को भी गेंदबाज नहीं समझता है। वो ऑफ-साइड में कमाल का खेलते हैं। आप उन्हें कोई भी गेंद फेंके और किसी भी लेंथ पर फेंके वो आपको प्रहार करने को देखेंगे। उन्हें किसी भी गेंदबाज का डर नहीं है।
पृथ्वी शॉ अपनी फिटनेस की वजह से टीम में नहीं चुने जा रहे: आर श्रीधर
शॉ ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2021 में खेला था। पृथ्वी शॉ ने इस बार के रणजी ट्रॉफी में मुंबई टीम की कप्तानी की और उन्होंने अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया। हालांकि उनका प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में भी काफी साधारण रहा। उन्होंने छह मुकाबलों में 35.5 के औसत और तीन अर्धशतक की बदौलत 355 रन बनाए। श्रीधर ने बताया कि पृथ्वी शॉ के अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के पीछे दो वजह है।
उन्होंने कहा कि, ‘सबसे पहला कारण उनकी फिटनेस है जिसकी वजह से उनके खेल में काफी बदलाव देखने को मिला है। मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि वो स्क्वाड में अपनी जगह पक्की क्यों नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने IPL में भी जबरदस्त शुरुआत की लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली।
शायद हम लोग इस बच्चे पर थोड़ा ज्यादा दबाव डाल रहे हैं। हमें उनको थोड़ा समय देना चाहिए। वह अभी भी काफी युवा है और उन्हें अपने खेल में काफी मेहनत करने की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि वो जबरदस्त वापसी करेंगे।