युवा अर्शदीप सिंह के कैच छोड़ने को लेकर वसीम जाफर ने दिया बड़ा बयान
अगर आसिफ अली का विकेट उस समय मिल जाता तो भारत शायद यह मुकाबला अपने नाम कर लेता: वसीम जाफर
अद्यतन - Sep 5, 2022 2:55 pm

एशिया कप सुपर 4 के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 5 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में जहां एक तरफ भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 44 गेंदों में 60 रन की बेहतरीन पारी खेल अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, वहीं दूसरी ओर टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली का एक आसान सा कैच छोड़ दिया जो टीम के लिए थोड़ा महंगा साबित हुआ।
बता दें, पाकिस्तान को आखिरी 15 गेंदों में 31 रन की दरकार थी। उनकी तरफ से स्ट्राइक पर आसिफ अली थे तो वहीं यह ओवर रवि बिश्नोई फेंक रहे थे। रवि बिश्नोई की एक गेंद को आसिफ अली पढ़ नहीं पाए और बिना देखे बड़ा शॉट खेलना चाहा, गेंद बल्ले से लगकर थोड़ी लेकिन शॉर्ट थर्ड मैन पर मौजूद अर्शदीप वो कैच नहीं पकड़ पाए।
आप सिर्फ ड्रॉप कैच को दोष नहीं दे सकते, क्रिकेट में ऐसा होता रहता है: वसीम जाफर
सभी को लगा कि यह कैच अर्शदीप बड़ी आसानी से पकड़ लेंगे। लेकिन उन्होंने इस आसान से कैच को छोड़ दिया। मुकाबला खत्म होने के बाद तमाम लोगों ने सोशल मीडिया पर अर्शदीप सिंह के लिए काफी कुछ बोला। किसी ने उनका विरोध किया तो किसी ने उनका साथ भी दिया। भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर का मानना है कि यह काफी बड़ा विकेट था और अगर अर्शदीप इस कैच को पकड़ लेते तो मुकाबला भारत की ओर चला जाता।
वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के शो रन की रननीति में कहा कि, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि अर्शदीप से यहां बहुत ही बड़ी गलती हुई है। इस स्तर में आप इतना आसान सा कैच नहीं छोड़ सकते हैं, लेकिन क्रिकेट में ऐसा हमने होते हुए कई बार देखा है। यह काफी दबाव वाला मुकाबला था। अगर आसिफ अली उस समय आउट हो जाते तो जिस तरीके से आसिफ बाउंड्री जड़ते हैं कोई और नहीं जड़ पाता, इसलिए मुझे लगता है कि यह बहुत ही महंगा कैच था जो छोड़ा गया।
हालांकि आप सिर्फ ड्रॉप कैच को दोष नहीं दे सकते, क्रिकेट में ऐसा होता रहता है। अगर आसिफ अली का विकेट उस समय मिल जाता तो भारत शायद यह मुकाबला अपने नाम कर लेती।
पाकिस्तान के खिलाफ विराट के प्रदर्शन से खुश हैं कप्तान रोहित शर्मा
भले ही भारतीय टीम मुकाबला हार गई हो लेकिन रोहित शर्मा विराट कोहली की पारी से काफी खुश हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि विराट का फॉर्म काफी शानदार है। उन्होंने इस मुकाबले में काफी अच्छी बल्लेबाजी की और आखिरी तक उन्होंने अपने विकेट को संभाला, जो हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण था।
अगर विराट कोहली को किसी और बल्लेबाज का साथ मिल जाता तो शायद हम इससे भी बड़ा स्कोर खड़ा करते और मुकाबले को जीत जाते, लेकिन ठीक है क्रिकेट में हार जीत चलती रहती है।