बेन डकेट ने एशेज 2017-18 से जुड़े एक किस्से को किया शेयर, कहा- जेम्स एंडरसन के सिर पर ड्रिंक डाला….
बेन डकेट ने कहा कि, इस घटना को काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था।
अद्यतन - Jun 21, 2023 11:13 am

इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट ने हाल ही में 2017-18 एशेज सीरीज से जुड़े एक किस्से को शेयर किया है। दरअसल वह अपने साथी खिलाड़ी जेम्स एंडरसन के ऊपर ड्रिंक डालने के कारण काफी चर्चे में आ गए थे। उनकी इस हरकत के लिए उन्हें निलंबित होने के साथ साथ जुर्माना भरना पड़ा था।
इस घटना के बाद से उनका करियर कभी आगे नहीं बढ़ा और लगभग खत्म सा हो गया। वहीं हाल ही में इस घटना के बारे में जिक्र करते हुए बेन डकेट ने बताया कि, उन्होंने वास्तव में इसके बारे में कभी भी बात नहीं की है, लेकिन इसे काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। इसके साथ ही उनका कहना था कि, किसी ने भी उनकी बातों पर विश्वास नहीं किया और यह उनके जीवन का सबसे भयानक समय रहा था।
हर कोई जो सोचता है वह हमेशा सच नहीं होता है- बेन डकेट
दरअसल अपनी पहली एशेज श्रृंखला खेल रहे बेन डकेट ने बीबीसी रेडियो फोर के ‘टुडे’ कार्यक्रम में इस घटना के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि, दरअसल मजाकिया अंदाज में मुझे लगता है कि इस माहौल में इसकी सराहना की गई होगी। हालांकि मैंने वास्तव में इसके बारे में कभी भी बात नहीं की लेकिन यह एक हास्यास्पद स्थिति रही थी जिसे काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। हर कोई जो सोचता है वह हमेशा सच नहीं होता है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, सबसे पहले तो मुझे लगता है यह बीयर नहीं था, यह वोडका और नींबू पानी था। दरअसल वह मेरे जीवन का वास्तव में सबसे कठिन समय था। मेरी किसी बात पर किसी ने भी विश्वास नहीं किया। इसलिए मैं दूर चला गया। यह मेरे जीवन का सबसे भयानक समय था। इस घटना ने मुझे एक मजबूत इंसान बना दिया। निश्चित रूप से मैंने खुद में काफी बदलाव महसूस किया।
वहीं जेम्स एंडरसन ने कहा कि, बेन डकेट के साथ हुई घटना दुर्भावनापूर्ण नहीं थी लेकिन हमें लगता है कि इस माहौल में हमें भविष्य में होशियार रहना होगा। इस घटना पर पहले किसी का भी ध्यान नहीं गया होगा। लेकिन अब यह हमारी संस्कृति पर एक सवाल उठाते हैं। मुझे पता है कि ऑस्ट्रेलिया डकेट की इस घटना का उपयोग हमें उकसाने के तौर पर करेगा। वे आप पर निशाना साधने के लिए किसी भी चीज़ का इस्तेमाल कर सकते हैं, मैं इसकी उम्मीद कर रहा हूं। लेकिन मुझे इससे कोई समस्या नहीं है।