डेविड वॉर्नर को अब रन बनाना बेहद जरूरी हो गया है: जेसन गिलेस्पी
इस समय हेडिंग्ले में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है और इस मैच की दोनों ही पारियों में डेविड वॉर्नर के बल्ले से बड़ा स्कोर नहीं बना है।
अद्यतन - Jul 9, 2023 3:38 pm

ऑस्ट्रेलिया टीम के अनुभवी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का प्रदर्शन एशेज 2023 में अभी तक काफी खराब रहा है। इस समय हेडिंग्ले में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है और इस मैच की दोनों ही पारियों में डेविड वॉर्नर के बल्ले से बड़ा स्कोर नहीं बना है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी की मानें तो अगर कंगारू टीम हेडिंग्ले टेस्ट को जीत जाती है तो आने वाले 2 मुकाबलों में उन्हें डेविड वॉर्नर को प्लेइंग XI से बाहर कर देना चाहिए क्योंकि वो इस समय काफी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। बता दें, हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मुकाबले में स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट में 17वीं बार डेविड वॉर्नर को आउट किया।
जेसन गिलेस्पी ने डेली मेल के अपने कॉलम में लिखा कि, ‘ मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया को अब कुछ महत्वपूर्ण फैसले लेने होंगे। अगर हेडिंग्ले टेस्ट स्कोर ऑस्ट्रेलिया जीत जाती है तो उन्हें आगामी मुकाबलों में कुछ बदलाव करने बेहद जरूरी है। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने से अच्छा है कि आप मैट रेनशॉ को प्लेइंग XI में शामिल करें।’
डेविड वॉर्नर के संन्यास लेने की योजना को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने रखा अपना पक्ष
इसी साल डेविड वॉर्नर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के अपने फैसले को लेकर बड़ा खुलासा किया था। जेसन गिलेस्पी के मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जिस फॉर्म में भी है उसको देखकर ऐसा कहा जा सकता है कि उन्हें टीम की ओर से ज्यादा मौके नहीं मिलेंगे। उनके मुताबिक चयनकर्ता उनके फॉर्म को देखते हुए सभी फॉर्मेट में मौके दे सकते हैं लेकिन अब वॉर्नर को भी बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।
जेसन गिलेस्पी ने आगे कहा कि, ‘डेविड ने कहा है कि जनवरी में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी टेस्ट के बाद वो संन्यास ले लेंगे। लेकिन मैं ऐसा नहीं मानता हूं। रन बनाना आपके लिए पैसे हैं और डेविड के बैंक में काफी क्रेडिट है। वो ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है लेकिन जब आप अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तब आपका क्रेडिट भी सूख जाता है।’