क्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है? - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है?

दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2022 में अब तक अपने पांच मैचों में से तीन में हार का सामना करना पड़ा है।

David Warner and Prithvi Shaw. (Photo Source: IPL/BCCI)
David Warner and Prithvi Shaw. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग 2022 की टीम दिल्ली कैपिटल्स के धाकड़ ओपनर पृथ्वी शॉ का मानना है कि, टीम की शुरुआत उस तरीके से नहीं हुई जैसी उन्हें उम्मीद थी। हालांकि शॉ ने कहा कि, बहुत से नए खिलाड़ी है जो टीम से जुड़ रहे हैं और उनको पुराने खिलाड़ियों के साथ घुलने में थोड़ा समय लगेगा। लेकिन एक बार अगर यह सभी खिलाड़ी आपस में घुल मिल गए तो हमारी टीम इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में से एक होगी।

आपको बता दें कि दिल्ली टीम अभी तक इस टूर्नामेंट में 5 मुकाबले खेल चुकी हैं जिनमें उन्हें 2 में जीत और 3 में हार का सामना करना पड़ा है। इस वक्त दिल्ली की टीम पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है। इस सीजन दिल्ली को लखनऊ सुपर जाइंट्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को उनकी टीम ने बड़ी आसानी से मात दी है।

हम सब एक दूसरे के गेम को समझ रहे हैं: पृथ्वी शॉ

इस बीच दिल्ली कैपिटल्स के यूट्यूब पर एक वीडियो पोस्ट की गई है, जिसमें शॉ ये कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, “अब 4-5 मैच समाप्त हो गए हैं, तो हम यह समझने लगे हैं कि कैसे खेलना है। यह इस साल कुछ नए खिलाड़ियों के साथ एक नई टीम है, इसलिए इसे समायोजित होने में थोड़ा समय लगेगा।

हमने जिन दो मैचों में जीत हासिल की, उन मैचों में हम अच्छी रणनीति के साथ उतरे थे। लेकिन मुझे लगता है कि हमें एक-दूसरे को समझने के लिए 1-2 और मैचों की जरूरत होगी। इसलिए हमारे पास अपनी गलतियों को सुधारने और अगले मैच से अपनी भूमिका निभाने का समय है।”

दिल्ली की टीम पर कोरोना ने बरपाया अपना कहर

दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए इस वक्त कुछ भी सही नहीं हो रहा है। सबसे पहले मिचेल मार्श कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद टिम सीफर्ट भी अब कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। और हर गुजरते दिन के साथ दिल्ली के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन मुश्किल परिस्थिति में टीम के खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करते हैं।

close whatsapp