विराट और रोहित को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में क्यों नहीं किया गया शामिल? राजकुमार शर्मा ने किया बड़ा खुलासा
इस चीज को देखकर मैं भी हैरान हूं कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को भारतीय टी-20 दल में शामिल नहीं किया गया है: राजकुमार शर्मा
अद्यतन - जनवरी 15, 2023 3:52 अपराह्न

27 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जानी है और इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया गया है। बता दें, श्रीलंका के खिलाफ खेली जा चुकी टी-20 सीरीज में भी इन दोनों खिलाड़ियों को भारतीय दल में शामिल नहीं किया गया था। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से ही टीम मैनेजमेंट कई युवा खिलाड़ियों को इस प्रारूप में मौका दे रही है।
वहीं अगर बात टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की जाए तो इस शानदार टूर्नामेंट में विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे जबकि रोहित शर्मा भारतीय टीम के कप्तान थे। फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि आखिर क्यों सबसे छोटे प्रारूप में रोहित और विराट को लगातार आराम दिया जा रहा है।
ये लगातार दूसरी टी-20 सीरीज है जिसमें ना तो रोहित शर्मा को दल में शामिल किया गया है और ना ही विराट कोहली को। अब इसी को लेकर कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने अपना पक्ष रखा।
भारतीय टी-20 दल से विराट कोहली और रोहित शर्मा की अनुपलब्धता को देखकर मैं भी हैरान हूं: राजकुमार शर्मा
राजकुमार शर्मा ने कहा कि, ‘इस चीज को देखकर मैं भी हैरान हूं कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को भारतीय टी-20 दल में शामिल नहीं किया गया है। इन दोनों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मुझे पूरा भरोसा है कि नई चयन समिति ने इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों से बातचीत की होगी। ‘
राजकुमार ने आगे कहा कि, ‘हालांकि मुझे इसके बारे में कुछ भी नहीं पता है। यह दोनों ही काफी बड़े खिलाड़ी हैं और इनको ऐसे ही एक किनारे में छोड़ना आसान बात नहीं है।’
हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में भारतीय कप्तान नियुक्त किया गया है। पांड्या की कप्तानी में टीम ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था। तमाम भारतीय युवा खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज में टीम में शामिल किया गया है।
तमाम प्रशंसक यही चाहेंगे कि भारत इस तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को अपने नाम करें। टी-20 सीरीज से पहले इन दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में खेली जानी है जिसकी शुरुआत 18 जनवरी से होगी।