T20 WC 2026, ENG vs SL: इंग्लैंड बनाम श्रीलंका मैच में कैसा रहेगा मौसम का हाल और पिच का मिजाज? यहां पढ़ें रिपोर्ट
दोनों टीमों के बीच यह मैच पल्लेकेले में खेला जाएगा
अद्यतन - फरवरी 21, 2026 8:38 अपराह्न

जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 चरण की शुरुआत हो चुकी है। तो वहीं, इसी क्रम में जारी टूर्नामेंट का 42वां मैच सह-मेजबान श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच 22 फरवरी को दोपहर 3 बजे से पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, पल्लेकेले में आयोजित होगा।
चूंकि न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए सुपर 8 के पहले मैच में बारिश खलल डाल चुकी है। ऐसे में क्रिकेट फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि क्या मौसम इस मैच का मजा भी किरकिरा कर सकता है। साथ ही इस खबर में हम आपको मौसम के हाल के साथ-साथ पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट के बारे में भी जानकारी देने जा रहे हैं।
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, पिच रिपोर्ट
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मैदान माना जाता है, जहां टी20 क्रिकेट में 150 से अधिक के स्कोर आम बात हैं। पिच पर अच्छी गति और उछाल है, जिससे बल्लेबाज सेट होने के बाद खुलकर शॉट खेल सकते हैं।
गेंदबाजों को अनुशासित लाइन और लेंथ बनाए रखने की जरूरत होगी, क्योंकि किसी भी तरह की अनियमितता भारी पड़ सकती है। हालांकि, शुरुआत में तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सकती है, लेकिन कुल मिलाकर परिस्थितियां बल्लेबाजों के पक्ष में हैं।
मौसम का हाल
पल्लेकेले के मौसम के बारे में आपको जानकारी दें, तो यह दिन का मैच है, और इस समय तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। मैच के समय 100 प्रतिशत बारिश की संभावना है और शायद इस वजह से यह मैच बारिश की वजह से धुल भी सकता है। बारिश के साथ 20 प्रतिशत तूफानी आने की भी संभावना है।
इंग्लैंड और श्रीलंका के प्रदर्शन पर एक नजर
दोनों टीमों के ग्रुप स्टेज में प्रदर्शन के बारे में आपको जानकारी दें, तो ग्रुप बी में शामिल श्रीलंका ने खेले गए चार मैचों में से 3 में जीत हासिल की, जबकि 1 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। लंकाई टीम को आयरलैंड, ओमान व ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत मिली, जबकि जिम्बाब्वे के हाथों उसे 6 विकेट से करारी शिकस्त का भी सामना करना पड़ा।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की शुरुआत नेपाल के खिलाफ 4 रन से मिली नजदीकी जीत के साथ हुई। इसके बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद दो बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन इंग्लैंड ने स्काॅटलैंड और इटली के खिलाफ जीत हासिल करते हुए, सुपर 8 के लिए क्वालिफाई किया।