England ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज के लिए टीम की घोषणा, टीम में हुई इस दिग्गज ऑलराउंडर की वापसी
30 अगस्त से शुरू होगी न्यूजीलैंड के खिलाफ लिमिटेड ओवर की सीरीज
अद्यतन - अगस्त 16, 2023 3:09 अपराह्न

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज और टी-20 सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। बता दें कि कीवी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में इंग्लैंड की ओर से दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की वापसी हो रही है। गौरतलब है कि हाल में ही स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट से रिटायरमेंट को वापिस लिया है।
तो वहीं स्टोक्स की वनडे टीम में वापसी होने के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि वे वर्ल्ड कप के लिए कीवी टीम के खिलाफ इस सीरीज में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने की कोशिश करते हुए नजर आएंगे। दूसरी ओर आपको इस सीरीज के बारे में बताएं तो 30 अगस्त से चार मैचों की टी-20 सीरीज शुरू होगी, तो वहीं इसके बाद 8 सितंबर से दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज की शुरूआत होगी, जिसमें स्टोक्स खेलते हुए नजर आएंगे।
तो वहीं बेन स्टोक्स की वनडे टीम में वापसी पर इंग्लैंड मैन टीम के चीफ सेलेक्टर ल्यूक राइट ने कहा- हम दो बेहद ही मजबूत टीमों की घोषणा करने जा रहे हैं, जो व्हाइट बाॅल क्रिकेट में हमारी टीम की गहराई को परिभाषित करती है। बेन स्टोक्स की वापसी से उनकी मैच जिताने की क्षमता और नेतृत्व क्षमता में और निखार आएगा। मुझे यकीन है कि हर फैन उन्हें फिर से वनडे टीम में खेलते हुए देख आनंद उठाएगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम:
जोस बटलर, मोईन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, लियम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल रशीद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, रीस टॉपले, डेविड विली, मार्क वुड और क्रिस वोक्स।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम:
जोस बटलर, रेहान अहमद, मोईन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रुक, सैम करन, बेन डकेट, विल जैक्स, लियम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल रशीद, जोश टंग, जॉन टर्नर और ल्यूक वुड।