वेस्टइंडीज दौरे से पहले यशस्वी जायसवाल का बड़ा बयान, कहा- मुझे विराट-रोहित ने जो सुझाव दिए वह काम आया
यशस्वी जायसवाल ने कहा कि, उनका (रोहित, कोहली, रहाणे) माइंडसेट काफी मजबूत है और वह चीजों को लेकर भी एकदम क्लियर रहते हैं।
अद्यतन - जून 24, 2023 12:05 अपराह्न

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगले महीने से टेस्ट, ODI और T20 का मुकाबला खेला जाना है। जिसको लेकर टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। बता दें इस सीरीज के लिए कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। दरअसल ऋतुराज गायकवाड़, यशस्वी जायसवाल, मुकेश कुमार सहित कई युवा खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे।
वहीं टेस्ट टीम में यशस्वी जायसवाल अपनी जगह बना पाने में सफल रहे हैं। इस बीच उन्होंने बताया कि, विराट कोहली, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे से उनको अहम सलाह मिली थी जो उनके काम आई। इसके साथ ही उनका कहना है कि, वह हमेशा खुद को मोटिवेट रखते हैं और उनको अपनी काबिलियत पर पूरा भरोसा है।
बता दें एक मीडिया हाउस से बातचीत करते हुए यशस्वी जायसवाल ने कहा कि, उनका (रोहित, कोहली, रहाणे) माइंडसेट काफी मजबूत है और वह चीजों को लेकर भी एकदम क्लियर रहते हैं। दरअसल उन्होंने मुझे सुझाव दिया था कि मैं खुद को कैसे आगे लेकर जा सकता हूं। मैं उनसे बहुत कुछ सीखता रहूंगा हालांकि अंत में मुझे ही जाकर मैदान पर प्रदर्शन करना है।
अभी सीखने के लिए बहुत कुछ बाकी है- यशस्वी जायसवाल
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, दरअसल अभी सीखने के लिए बहुत कुछ बाकी है और मुझे उम्मीद है कि मैं इस प्रोसेस को एन्जॉय करता रहूंगा। मैं खुद को हमेशा मोटिवेट करता रहता हूं कि मैं किसी भी परिस्थिति से अपनी टीम को मैच में जीत दिला सकता हूं। दरअसल इससे मुझे पॉजिटिव सोचने और खुद पर भरोसा करने का कॉन्फिडेंस मिलता है।
बता दें यशस्वी जायसवाल के लिए आईपीएल 2023 बेहद शानदार रहा था। उन्होंने अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए 14 मैचों में 163 के स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने इस लीग में अपना पहला शतक भी जड़ा था। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 5 अर्धशतक भी लगाए थे। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में उन्हें टीम इंडिया में स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया था।