वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया के सिलेक्शन पर भड़के सुनील गावस्कर, कहा-इस खिलाड़ी को बनाया गया बलि का बकरा
सुनील गावस्कर का कहना है कि पुजारा को बलि का बकरा बनाया गया है।
अद्यतन - जून 24, 2023 11:34 पूर्वाह्न

टीम इंडिया अगले महीने टेस्ट मैच, ODI और T20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी। वहीं BCCI की चयन समिति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले इन सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। बता दें इस सीरीज के लिए कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो टीम इंडिया का हिस्सा नहीं है।
बता दें टेस्ट टीम में चेतेश्वर पुजारा को शामिल नहीं किया गया है। दरअसल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। जिसके बाद वेस्टइंडीज दौरे के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई है। वहीं इस बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने चेतेश्वर पुजारा को टीम से बाहर करने पर सवाल उठाए हैं।
पुजारा को बलि का बकरा बनाया गया है- सुनील गावस्कर
दरअसल सुनील गावस्कर का कहना है कि पुजारा को बलि का बकरा बनाया गया है क्योंकि इनके अलावा भी कई ऐसे बल्लेबाज टीम में हैं जो असफल रहे हैं। बता दें उन्होंने कहा कि, स्पष्ट रूप से सिर्फ एक व्यक्ति को टीम से बाहर किया गया है जबकि अन्य भी फ्लॉप रहे हैं। मेरे लिए तो पूरी टीम की बल्लेबाजी खराब रही। सिर्फ अजिंक्य रहाणे ने दोनों पारियों में 89 और 46 रन बनाए।
इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, रहाणे के अलावा किसी और ने वास्तव में रन नहीं बनाए। तो फिर सिर्फ चेतेश्वर पुजारा को क्यों हटाया गया? हमारी बल्लेबाजी की विफलताओं के लिए उन्हें ही क्यों बलि का बकरा बनाया जा रहा है? क्योंकि किसी भी प्लेटफार्म पर उनके लाखों फैंस नहीं हैं जो इसे लेकर आवाज उठाएंगे, इसलिए उन्हें बाहर कर दिया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि, आपने उसे बाहर कर दिया, यह मेरे समझ से बिल्कुल परे है। उन्हें टीम से बाहर करने और जो असफल रहे, उन्हें टीम में रखने का मापदंड क्या है? वह काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने बहुत सारी रेड-बॉल क्रिकेट भी खेली है। खिलाड़ी 40 या 39 साल की उम्र तक क्रिकेट खेल सकते हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है क्योंकि वे सभी काफी फिट हैं। जब तक आप रन बना रहे हैं और विकेट ले रहे हैं तब तक मुझे नहीं लगता कि उम्र एक फैक्टर होनी चाहिए।
भारत की टेस्ट टीम इस प्रकार है:
रोहित शर्मा (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), विराट कोहली, शुभमन गिल, रुतुराज गायकवाड़, यशस्वी जयसवाल, ईशान किशन, केएस भरत, आर अश्विन, रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जयदेव उनादकट, नवदीप सैनी