कप्तानी का बोझ अपने ऊपर नहीं लेना चाहते हैं हार्दिक पांड्या
अब जब रोहित ने वापसी कर ली है तो मैं पहले से ज्यादा रिलैक्स हूं: हार्दिक पांड्या
अद्यतन - जनवरी 12, 2023 4:33 अपराह्न

भारत के शानदार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में उनकी टीम ने श्रीलंका को तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 2-1 से मात दी थी। इस टी-20 सीरीज में रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल को आराम दिया गया था। हालांकि इन तीनों ही खिलाड़ियों की वापसी वनडे सीरीज में हो चुकी है।
रोहित शर्मा की वापसी से अब हार्दिक पांड्या से कप्तानी पद छीन लिया गया है और अब वो टीम की उपकप्तानी करते हुए नजर आ रहे हैं। पांड्या की माने तो अब जब रोहित शर्मा की वापसी टीम में हो गई है तो वो भी पहले से काफी रिलैक्स मूड में हैं।
बता दें, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने IPL 2022 में अपना पहला कप जीता था। इसी के चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी करने के मौके दिया। बता दें, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
मुझे अब ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है: हार्दिक पांड्या
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले से पहले हार्दिक पांड्या ने एक इंटरव्यू में कहा कि, ‘ अब जब रोहित ने वापसी कर ली है तो मैं पहले से ज्यादा रिलैक्स हूं। मुझे अब ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। वहां पर लोग हैं जो सही फैसले लेंगे और मुझे अब बाकी किसी भी चीज पर इतना ध्यान नहीं रखना है। हां अगर लोग मुझसे मेरा अनुभव या मेरा ज्ञान मांगेंगे तो मैं उन्हें जरूर देना चाहूंगा।’
अपनी गेंदबाजी को लेकर हार्दिक पांड्या ने कहा कि, ‘मेरा शरीर अब पहले से काफी बेहतर है। हम एक योजना के तहत चीजों को कर रहे हैं जिसमें वर्कलोड को सही तरीके से आगे ले जाना चाह रहे हैं। वर्ल्ड कप अब 6 से 7 महीने में होने वाला है और इसी वजह से अब हमें कोई भी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।’
भारतीय ऑलराउंडर ने आगे कहा कि, ‘लेकिन उसी समय मेरा शरीर लोड लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अगर सही मुकाबले में आप सही लोड लेते हैं तो आप आराम से चीजों को संभाल सकते हैं। अगर टीम चाहेगी कि मैं पूरे 10 ओवर फेंकूं तो मैं यह काम भी जरूर करूंगा।’