एशिया कप 2022 के लिए अश्विन का चयन समझ से परे है: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने कहा अश्विन आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी खेलेंगे।
अद्यतन - Aug 15, 2022 10:26 am

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और क्रिकेट पंडित आकाश चोपड़ा ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 27 अगस्त से शुरू होने वाले आगामी एशिया कप 2022 के लिए टीम इंडिया में रविचंद्रन अश्विन के आश्चर्यजनक चयन पर अपने विचार साझा किए हैं। अश्विन के अलावा, युजवेंद्र चहल और रवींद्र जडेजा को भी टीम में शामिल किया गया है।
पूर्व बल्लेबाज का मानना है कि T20I क्रिकेट में अनुभवी ऑफ-स्पिनर का हालिया प्रदर्शन काफी प्रभावशाली है, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम में उनकी भूमिका उनके लिए और टीम के लिए आगामी एशिया कप 2022 में महत्वपूर्ण होगी। आर अश्विन सफेद गेंद वाली टीम के अंदर और बाहर होते रहे हैं, और ऐसे में बहु-राष्ट्रीय इवेंट में उनका चयन चोपड़ा समेत अन्य लोगों के लिए आश्चर्यजनक है।
एशिया कप 2022 के लिए अश्विन के चयन पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “मुझे रविचंद्रन अश्विन का चयन पिछले साल के टी-20 वर्ल्ड कप में भी बिल्कुल समझ नहीं आया था, और एक बार फिर चयनकर्ताओं ने उन्हें एशिया कप 2022 के चयनित करके मुझे अचंभित कर दिया है। उन्हें एक बार फिर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले वेस्टइंडीज दौरे पर मौका दिया गया और अब वह एशिया कप में भी खेलेंगे, और मुझे लगता है कि अश्विन आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में भी खेलेंगे।
मुझे लगता है कि यह इस बारे में नहीं है कि कौन अच्छा है या कौन बुरा है, बल्कि मुद्दा यह है कि आपको किस तरह के स्पिनर की जरूरत है। लेकिन मैं एक बात कहना चाहता हूं यदि आप अश्विन को रक्षात्मक भूमिका दे रहे हैं, तो वह इसे बखूबी निभाएंगे। लेकिन अगर आप उससे विकेट की उम्मीद कर रहे हैं, तो तैयार रहें कि शायद ही ऐसा हो। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि आप अश्विन लिए कौन सी भूमिका तय करते हैं, क्योंकि उनका आगामी सभी बहु-राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलना लगभग तय है।”
एशिया कप 2022 के लिए भारत की टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।
स्टैंडबाय खिलाड़ी; श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर।