'स्वार्थी खिलाड़ियों से छुटकारा पाने का वक्त आ गया है': शाहीन अफरीदी ने बाबर और रिजवान के आलोचकों पर कसा तंज - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘स्वार्थी खिलाड़ियों से छुटकारा पाने का वक्त आ गया है’: शाहीन अफरीदी ने बाबर और रिजवान के आलोचकों पर कसा तंज

बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I मैच में अपने करियर का दूसरा T20I शतक लगाया।

Babar Azam, Mohammad Rizwan and Shaheen Afridi (Image Source: Twitter)
Babar Azam, Mohammad Rizwan and Shaheen Afridi (Image Source: Twitter)

पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बाद उनके आलोचकों पर तीखा प्रहार किया है। आपको बता दें, शाहीन अफरीदी इस समय घुटने की सर्जरी कराने के बाद इंग्लैंड में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं।

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच कराची में 22 सितंबर को खेले गए दूसरे T20I मैच में बाबर आजम ने अपने करियर का दूसरा T20I शतक लगाया और मेजबान टीम को यह मैच 10 विकेट से जीतने में मदद की। इस विशाल जीत के साथ पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने सात मैचों की घरेलू T20I सीरीज में इंग्लैंड क्रिकेट क्रिकेट टीम के साथ 1-1 से बराबरी कर ली है। इस ऐतिहासिक सीरीज का तीसरा मैच आज यानी 23 सितंबर को खेला जाएगा।

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने इंग्लैंड को एक विकेट तक नहीं लेने दिया

बाबर आजम ने दूसरे T20I मैच में 66 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 166 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 110* रन की शानदार पारी खेली, और साथ ही मोहम्मद रिजवान (88*) के साथ पहले विकेट के लिए 203 रन जोड़े, और पाकिस्तान को बिना विकेट गंवाए 200 रनों का सफलतापूर्वक पीछा करने में मदद की।

इस मैच में रिजवान ने भी 172 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। आपको बता दें, एशिया कप 2022 के दौरान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की धीमी स्ट्राइक रेट को लेकर बहुत ज्यादा आलोचना की गई थी, लेकिन इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अपने आलोचकों का मुंह बंद करने में ज्यादा देर नहीं लगाई।

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के शानदार प्रदर्शन के बाद शाहीन अफरीदी ने स्टार सलामी बल्लेबाजों के आलोचकों पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष किया है। उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए कई पूर्व क्रिकेटरों की नकल की, जिन्होंने धीमी स्ट्राइक रेट को लेकर दोनों खिलाड़ियों के लिए इसी तरह के शब्दों से आलोचना की थी।

शाहीन अफरीदी ने ट्विटर पर लिखा: “मुझे लगता है कि कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान से छुटकारा पाने का समय आ गया है। इतने स्वार्थी खिलाड़ी हैं। अगर सही से खेलते, तो मैच 15 ओवरों में ही खत्म हो जाना चाहिए था। ये आखरी ओवर तक ले गए। चलो इसको लेकर भी एक मुद्दा बनाया जाए। नहीं? मुझे इस अद्भुत पाकिस्तानी टीम पर बहुत गर्व है।”

https://twitter.com/iShaheenAfridi/status/1573011176086200326?

close whatsapp