World Cup 2023: बुमराह और सिराज हमारे लिए काम को आसान बना देते हैं- कुलदीप यादव
भारतीय गेंदबाजों ने वर्ल्ड कप 2023 में अब तक किया है शानदार प्रदर्शन।
अद्यतन - अक्टूबर 21, 2023 2:08 अपराह्न

जारी आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन करने के लिए स्पिनर कुलदीप यादव ने जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की जोड़ी की जमकर तारीफ की है। अपने घरेलू मैदान पर फैंस के बीच भारत ने लगातार चार जीत हासिल करते हुए शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस वर्ल्ड कप में अब तक भारत और न्यूजीलैंड मात्र दो ऐसी टीमें हैं जो एक भी मैच नहीं हारी है।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में शानदार रहा है, उन्होंने अपने पिछले चार मुकाबलों में 36 विकेट लेकर अपनी काबिलियत को दर्शाया है। उन्होंने अपने स्किल का शानदार प्रदर्शन करते हुए, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान दोनों को कम स्कोर पर समेट दिया, जबकि अफगानिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ आठ-आठ विकेट लेकर कहर बरपाया। इसी वजह से वो अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रहे हैं।
ICC से बात करते हुए कुलदीप यादव ने कहा कि, “पहले पावरप्ले में बहुत अच्छी शुरुआत करना बहुत महत्वपूर्ण है। जसप्रीत और सिराज ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। न केवल हमें विकेट दे रहे हैं, बल्कि जब मैं और जड्डू भाई (रवींद्र जड़ेजा) आते हैं तो शायद रन भी रोकते हैं। हमें हमेशा एक या दो विकेट मिले हैं, केवल आज (बांग्लादेश के खिलाफ) हमें लगा कि उन्हें बहुत अच्छी शुरुआत मिली है।”
यह भी पढ़ें: बाकी टीमों को रास नहीं आएगा भारतीय टीम का CHILL करना
भारतीय गेंदबाज इस वर्ल्ड कप में दिखे हैं शानदार फॉर्म में
बुमराह, सिराज और हार्दिक पांड्या की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार महत्वपूर्ण प्रभाव डाला है। हालांकि, बुमराह और सिराज पर उनकी निर्भरता तब बढ़ जाएगी क्योंकि बांग्लादेश के खिलाफ मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए और वो अगले मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। बुमराह 10 विकेट लेकर विकेट लेने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जबकि सिराज और हार्दिक ने पांच-पांच विकेट लिए हैं।
तेज़ गति के आक्रमण के अलावा, भारत बड़े मुकाबलों में कुलदीप और जडेजा की स्पिन जोड़ी पर भी निर्भर रहेगी। स्पिन ऑलराउंडर जडेजा ने अब तक सात विकेट लिए है और 3.75 रन प्रति ओवर के साथ रन खर्च किए हैं। इस बीच, बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव भी अब तक तक छह विकेट ले चुके हैं और उन्होंने 4.1 के रन रेट से रन खर्च किए हैं।