जसप्रीत बुमराह ने भारत को दिलाई पहली सफलता, इब्राहिम जादरान को आउट कर किया Unique सेलिब्रेशन
इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - Oct 11, 2023 2:52 pm

इस समय वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 9वां मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम को पहला झटका बहुत जल्द लग गया है। अफगानिस्तान के बेहतरीन बल्लेबाज इब्राहिम जादरान बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 28 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हो गए।
भारत के खिलाफ मैच में इब्राहिम जादरान का विकेट जसप्रीत बुमराह ने झटका। अफगानिस्तान की पारी का सातवां ओवर लेकर आए जसप्रीत बुमराह की बेहतरीन गेंद को इब्राहिम जादरान बिल्कुल भी नहीं समझ पाए और गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेटकीपर केएल राहुल के पास गई। केएल राहुल ने इस कैच को काफी शानदार तरीके से पकड़ा और उसके बाद सेलिब्रेट भी किया। केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह के सेलिब्रेशन की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है।
इस मैच में अफगानिस्तान ने अपनी प्लेइंग XI में कोई भी बदलाव नहीं किया है जबकि भारतीय टीम ने पिछले मैच से सिर्फ एक बदलाव किया है। रविचंद्रन अश्विन को अफगानिस्तान के खिलाफ मौका नहीं मिला है और उनकी जगह भारतीय प्लेइंग XI में शार्दुल ठाकुर की एंट्री हुई है।
अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया
बता दें, आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी जबकि अफगानिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। जहां एक तरफ भारत इस मैच को जीतकर दो अंक और हासिल करना चाहेगी वहीं दूसरी और अफगानिस्तान इस मैच को अपने नाम करके अपने अंक का खाता खोलना चाहेगी।
फिलहाल भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ काफी अच्छी शुरुआत की है लेकिन उन्हें अपनी विरोधी टीम को कम से कम स्कोर में रोकना होगा। इस पिच पर काफी रन बनते हैं और बल्लेबाजों को यहां बल्लेबाजी करने में काफी अच्छा लगता है। अब देखना यह है कि इस मैच को कौनसी टीम अपने नाम करती है।