BCCI अध्यक्ष बनते ही रोजर बिन्नी ने अपने 3 साल की कार्ययोजना का किया खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

BCCI अध्यक्ष बनते ही रोजर बिन्नी ने अपने 3 साल की कार्ययोजना का किया खुलासा

जसप्रीत बुमराह विश्व कप से ठीक पहले चोटिल हो गए थे, जिसका असर पूरी योजना पर पड़ा है: रोजर बिन्नी

Roger Binny (Image Source: Twitter)
Roger Binny (Image Source: Twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपने 3 साल के कार्ययोजना का खुलासा किया। 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहने वाले बिन्नी ने इस बात का खुलासा किया कि अब वो यह चाहते हैं कि टीम के खिलाड़ियों को कम से कम चोट लगे और भारत में क्रिकेट पिच को और बेहतर किया जाए।

बता दें, पिछले कुछ सालों से भारतीय टीम में कई खिलाड़ी चोटिल होने की वजह से कई मुख्य टूर्नामेंटों से बाहर हो गए हैं। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में भी हमने यही देखा। कई खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से हम कप को अपने नाम नहीं कर पाए और अब 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में भी जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे शानदार खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से टीम को इस टूर्नामेंट से पहले ही काफी समस्यों का सामना करना पड़ रहा है।

न्यूज़ 18 के मुताबिक रोजर बिन्नी ने कहा कि, ‘एक BCCI अध्यक्ष के रूप में मैं दो चीजों पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहता हूं। पहला खिलाड़ियों की चोटों की रोकथाम है। जसप्रीत बुमराह विश्व कप से ठीक पहले चोटिल हो गए थे, जिसका असर पूरी योजना पर पड़ा है। दूसरा, मैं देश की पिचों पर ध्यान देना चाहता हूं।’

BCCI AGM ने महिला IPL को दी हरी झंडी

काफी लंबे समय बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आखिरकार 2023 में महिला IPL के पहले सत्र को हरी झंडी दे दी है। खबरों की माने तो, अगले साल यह टूर्नामेंट शुरू हो रहा है और इसमें कुल 5 टीमों के बीच 20 लीग मुकाबले खेले जाएंगे। हालांकि अभी तक टीमों और मालिकों को लेकर कोई भी बयान नहीं आया है लेकिन जल्द ही BCCI खिलाड़ियों की नीलामी को लेकर भी बड़ी घोषणा करेगी।

रोजर बिन्नी के बोर्ड के नए अध्यक्ष चुने जाने के बाद राजीव शुक्ला ने उपाध्यक्ष का अपना पद बरकरार रखा है। यहां तक कि जय शाह भी BCCI सचिव बने रहेंगे। देवजीत सैकिया संयुक्त सचिव और आशीष शेलार कोषाध्यक्ष होंगे। इस बीच पूर्व कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल और अविषेक डालमिया को इंडियन प्रीमियर लीग संचालन परिषद का प्रतिनिधि चुना गया है।

close whatsapp