भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है जसप्रीत बुमराह: सौरव गांगुली
सौरव गांगुली की माने तो तेज गेंदबाज की चोट इतनी जल्दी ठीक नहीं हो सकती है और उन्होंने मैनेजमेंट से यह अपील की है कि बुमराह को ठीक होने में वो थोड़ा समय दे।
अद्यतन - जनवरी 11, 2023 8:39 अपराह्न

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि जसप्रीत बुमराह की चोट भारतीय टीम के लिए सभी प्रारूपों के लिए चिंता का विषय होगी। बता दें, सितंबर 2022 के बाद से ही बुमराह ने एक भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला जुलाई 2022 में खेला था। अब इस साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है और भारतीय टीम को इस तेज गेंदबाज की सख्त जरूरत है।
जसप्रीत बुमराह को इस समय खेली जा रही श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन उसके बाद मैनेजमेंट ने सीरीज के शुरू होने से एक दिन पहले उन्हें बाहर कर दिया। भारतीय मैनेजमेंट का यह मानना था कि वो तेज गेंदबाज को लेकर जल्दबाजी नहीं करेंगे। बता दें, इसी चोट की वजह से ना तो बुमराह 2022 एशिया कप खेल पाए थे और ना ही टी-20 वर्ल्ड कप।
गांगुली की माने तो तेज गेंदबाज की चोट इतनी जल्दी ठीक नहीं हो सकती है और उन्होंने मैनेजमेंट से यह अपील की है कि बुमराह को ठीक होने में वो थोड़ा समय दे।
बुमराह भारतीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण पहलू है: सौरव गांगुली
सौरभ गांगुली ने कोलकाता में रिपोर्टरों को बताया कि, ‘जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। वहां पर परेशानी जरूर होगी। तेज़ गेंदबाज़ बहुत ही कम चोटिल होते हैं। आपको उनके ठीक होने का इंतजार करना होगा। तेज गेंदबाजी इतनी आसान नहीं होती।’
भारत ने 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 12 जनवरी को ईडेन गार्डेंस कोलकाता में खेला जाएगा। इस मैदान में वर्ल्ड कप के भी मुकाबले खेले जाएंगे और गांगुली का मानना है कि तमाम प्रशंसक भी इनका बेसब्री से इंतजार कर रहे होंगे।
गांगुली ने आगे कहा कि, ‘ईडन गार्डंस काफी अच्छा मैदान है। वर्ल्ड कप से पहले नए ढांचे और दर्शकदीर्घा भी वहां बनेंगे।’