आखिरकार BCCI ने की पुष्टि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से नहीं खेलेंगे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 - क्रिकट्रैकर हिंदी

आखिरकार BCCI ने की पुष्टि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से नहीं खेलेंगे टी-20 वर्ल्ड कप 2022

इससे पहले ऐसी खबरें सामने आ रही थी, कि बुमराह की चोट उतनी गंभीर नहीं है।

Jasprit Bumrah celebrating Liam Livingstone’s wicket (Photo Source: Twitter/BCCI)
Jasprit Bumrah celebrating Liam Livingstone’s wicket (Photo Source: Twitter/BCCI)

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के शुरू होने से पहले ही भारतीय टीम के फैंस की उम्मीदों को एक बड़ा झटका लग चुका है। जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से पूरे टूर्नामेंट के लिए बाहर हो चुके हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ जिस समय पहले टी-20 मैच में बुमराह को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था, उसके बाद से ही यह खबर लगातार सामने आ रही थी कि, उनकी चोट गंभीर है और वह टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर रह सकते हैं।

अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की तरफ से भी इस बात को लेकर आखिरकार आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। जिसमें यह भी बताया गया कि इस मेगा टूर्नामेंट के लिए बुमराह की जगह पर किस खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा उसको लेकर भी जल्द ही ऐलान कर दिया जाएगा। हालांकि इससे पहले ऐसी उम्मीद जताई गई थी कि बुमराह अगले 6 हफ्तों में फिट होकर वापसी कर सकते हैं।

वहीं BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली और टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने भी बुमराह के पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद को लेकर बयान दिया था। जिसमें दोनों ने यह भी कहा था कि इसको लेकर आखिरी फैसला मेडिकल टीम से परामर्श लेने के बाद ही लिया जाएगा। बता दें कि जसप्रीत बुमराह ने लंबे समय के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में वापसी की थी, जिसमें उन्होंने सिर्फ 2 मुकाबले खेले थे।

इस साल बुमराह ने खेले सिर्फ 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच

एशिया कप 2022 में भी जसप्रीत बुमराह बैक इंजरी के चलते ही पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इसके अलावा अभी तक पूरे साल में बुमराह के वर्कलोड को देखते हुए उनके कई सीरीज में आराम देने का ही फैसला लिया गया है, जिसके चलते वह इस साल अभी तक केवल 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले ही खेलते हुए दिखाई दिए हैं।

ऑस्ट्रेलिया में तेज गेंदबाजों के लिए माकूल हालात को देखते हुए भारतीय टीम के लिए यह एक बड़ा झटका साफतौर पर माना जा सकता है। जिसमें अंतिम ओवरों में गेंदबाज जहां एक तरफ टीम इंडिया के लिए एक बड़ी समस्या बना हुआ है वहीं बुमराह के बाहर होने के साथ कप जीतने के उम्मीदों को भी बड़ा झटका माना जा सकता है।

close whatsapp