झे रिचर्डसन की खराब किस्मत, इस बार फील्डिंग के दौरान हुए फिर से चोटिल
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडिलेड में खेलते हुए साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फील्डिंग करते समय झे रिचर्डसन चोटिल हो गए थे।
अद्यतन - अक्टूबर 23, 2023 2:28 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज झे रिचर्डसन के कंधे में चोट लग गई। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडिलेड में खेलते हुए साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फील्डिंग करते समय झे रिचर्डसन चोटिल हो गए थे।
हैमस्ट्रिंग की सर्जरी से ठीक होने के बाद मार्श कप में झे रिचर्डसन ने सितंबर 2023 में काफी अच्छी वापसी की थी। शेफील्ड शील्ड में वो जबरदस्त वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार थे। अपनी वापसी के बाद टूर्नामेंट का पहला मैच उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला।
उन्होंने पहले सेकंड XI मैच में साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 रन बनाए और उसके बाद झे रिचर्डसन ने मैच में 8 ओवर फेकें। हालांकि मैदान पर डाइव लगाने की वजह से उनका कंधा डिसलोकेट हो गया। ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक यह चोट इतनी गंभीर नहीं है लेकिन झे रिचर्डसन को कुछ हफ्तों के लिए क्रिकेट से दूर रहना होगा।
बता दें, झे रिचर्डसन उन कुछ खिलाड़ियों में से हैं जो कई बार चोटिल हुए हैं और क्रिकेट के मैदान से दूर रहे हैं। कई बार उन्हें सर्जरी से भी गुजरना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया टीम का वनडे वर्ल्ड कप 2023 में प्रदर्शन
बता दें, इस समय ऑस्ट्रेलिया टीम वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भाग ले रही है। भारत में खेले जा रहे हैं इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही थी। अभी तक टीम ने इस टूर्नामेंट में कुल चार मैच खेले जिसमें से दो में उन्हें जीत मिली है जबकि दो में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया टीम को अब वनडे वर्ल्ड कप में और भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हालांकि अभी इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है कि वो सेमीफाइनल में अपनी जगह बना पाएगी या नहीं लेकिन टीम के सभी खिलाड़ी अब वापस फॉर्म में आ चुके हैं। टीम को अब अपना अगला मुकाबला 25 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है।