जो रूट ने इंग्लैंड टेस्ट टीम की कप्तानी के पद से दिया इस्तीफा
इंग्लैंड टीम का टेस्ट फॉर्मेट में पिछले काफी समय से लगातार खराब प्रदर्शन देखने को मिल रहा था।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अप्रैल 15, 2022 1:57 अपराह्न

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और बोर्ड दोनों में ही इस समय काफी फेरबदल देखने को मिल रहे हैं, जिसमें पिछले एक साल से बतौर कप्तान जो रूट का प्रदर्शन काफी खराब देखने को मिल रहा था। जिसमें टीम को पहले घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा वहीं भारत के खिलाफ भी टीम 2-1 से सीरीज में पीछे रही जिसका एक मुकाबला जुलाई 2022 में खेला जाएगा।
इसके अलावा इंग्लैंड की टीम को एशेज 2021-22 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 4-0 से हार का सामना करना पड़ा जो बेहद ही शर्मनाक कहा जा सकता है। जिसके चलते लगातार इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान जो रूट पर कप्तानी छोड़ने का दबाव बढ़ता जा रहा था। वेस्टइंडीज के दौरे पर टीम को मिली टेस्ट सीरीज में हार के बाद अब रूट ने कप्तानी के पद से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) की तरफ से जारी किए गए बयान में जो रूट ने कहा कि, कैरेबियाई दौरे से लौटने के बाद मैने चीजों को पूरी तरह से समझते हुए इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम के कप्तानी पद को छोड़ने का फैसला किया है। यह मेरे लिए काफी कठिन फैसला था, जिसको लेकर मैने अपने परिवार और करीबी दोस्तो से चर्चा की और उसके बाद समझा कि यह कप्तानी को अलविदा कहने का पूरी तरह से ठीक समय है।
बतौर टेस्ट कप्तान जीते कुल 27 मुकाबले
जो रूट के बतौर टेस्ट कप्तान रिकॉर्ड की बात की जाए तो उन्होंने इंग्लैंड के लिए 64 मैचों में कप्तानी करते हुए कुल 27 मुकाबलों में टीम को जीत दिलाई। वहीं अपनी कप्तानी को लेकर जो रूट ने कहा कि, अपने देश के लिए पिछले 5 सालों से कप्तानी करना मेरे लिए काफी गर्व की बात है। यह मेरे लिए एक बड़े सम्मान की बात की मुझे इंग्लैंड क्रिकेट टीम की कप्तानी करने का मौका मिला।
रूट ने अपने बयान में आगे कहा कि, मैं बतौर खिलाड़ी अपने देश के लिए आगे खेलना जारी रखूंगा और अपने प्रदर्शन के दम पर टीम को लगातार बेहतर योगदान देने की कोशिश करूंगा। मैं टीम के अगले कप्तान, अपने साथी खिलाड़ियों और कोच की हर तरह से मदद करने के लिए तैयार हूं।