यश ढुल ने किया खुलासा कि वह IPL में इस धाकड़ गेंदबाज का करना चाहते हैं, सामना
यश ढुल को IPL 2022 मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपए में खरीदा था।
अद्यतन - Feb 23, 2022 7:30 pm

अंडर-19 वर्ल्ड कप मे भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले यश ढुल तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। दांये हाथ के इस बल्लेबाज ने रणजी में दिल्ली की तरफ से डेब्यू करते ही तबाही मचाना शुरू कर दिया। इस युवा खिलाड़ी ने तमिलनाडु के खिलाफ दोनों पारियों में शानदार शतक जड़े। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले रणजी ट्रॉफी इतिहास में तीसरे खिलाड़ी हैं।
यश ढुल ने अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में भी शानदार शतकीय पारी खेली थी। 19 वर्षीय इस खिलाड़ी को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपए में अपने खेमें में शामिल किया है। जिसके बाद युवा खिलाड़ी ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह IPL में किस गेंदबाज का सामना करना चाहते हैं। उसके आलावा उन्होंने अपने पिछले दो साल के करियर के बारे चर्चा की।
ढुल बताया कि वह दिल्ली कैपिटल्स द्वारा चुने जाने की ही उम्मीद कर रहे थे। उन्होंने कारण बताया कि वह उनकी अकादमी का हिस्सा हैं। युवा खिलाड़ी ने साक्षात्कार में बताया कि वह रिकी पोंटिंग से मिलने और उनके मार्गदर्शन में प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं।
“मैं जोफ्रा आर्चर का सामना करना चाहूंगा”- ढुल
द प्रिंट में छपे यश ढुल के बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि “मैं पहले से ही दिल्ली कैपिटल्स द्वारा चुने जाने की उम्मीद कर रहा था क्योंकि मैं भी उनकी अकादमी का हिस्सा हूं। मैं वास्तव में रिकी पोंटिंग से मिलने और उनके मार्गदर्शन में प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हूं। वहीं मैं इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का सामना करने के लिए बेहद उत्सुक हूं क्योंकि वह एक ऐसे गेंदबाज हैं जिनका मैं सामना करना चाहूंगा। वह काफी तेज गेंदबाजी करते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए IPL के दौरान मैं डेविड वॉर्नर के साथ साझेदारी करना पसंद करूंगा।”
आगामी IPL 2022 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिलेंगे। जिसमें टीम के साथ बड़े खिलाड़ियों के तौर पर जहां डेविड वॉर्नर की वापसी देखने को मिली है, वहीं शार्दुल ठाकुर भी दिल्ली की जर्सी में खेलते हुए दिखने वाले हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यश ढुल को डेविड वॉर्नर के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी मिलती है, या नहीं क्योंकि पृथ्वी शॉ पहले से टीम के पास मौजूद हैं।