पाकिस्तान पहुंचते ही इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने दिखाई दरियादिली; जोस बटलर ने किया बड़ा ऐलान
इंग्लैंड 17 वर्षों बाद पाकिस्तान के दौरे पर आया है।
अद्यतन - Sep 16, 2022 3:41 pm

इंग्लैंड 17 वर्षों बाद पाकिस्तान के दौरे पर आया है, जहां दोनों टीमों के बीच 20 सितंबर से सात मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जानी है। यह T20I सीरीज पाकिस्तान और इंग्लैंड दोनों के लिए आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की तैयारियों को फाइनल टच देने लिए बेहद अहम है। जोस बटलर की अगुआई वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम 14 सितंबर को पाकिस्तान पहुंच चुकी है, और आगामी T20I सीरीज के शुरू होने से पहले ही मेहमान टीम ने अपने सराहनीय कदम से सभी का दिल जीत लिया है।
दरअसल, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है। पाकिस्तान में कदम रखते ही जोस बटलर ने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की ओर से एक छोटे से प्रयास के रूप में कुछ धनराशि दान करने की अपनी इच्छा जाहिर की है ताकि इस कठिन समय में पाकिस्तानी जनता की कुछ मदद हो सके।
पाकिस्तानी जनता की मदद के लिए सामने आए जोस बटलर
स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम और ईसीबी के सदस्यों से पाकिस्तान के हालातों पर गौर करने और अपनी स्वेच्छा अनुसार दान करने का भी आह्वान किया है। पाकिस्तान की जनता को बाढ़ के कारण जो तकलीफें झेलनी पड़ी उसके बारे में जिक्र करते हुए इंग्लैंड के कप्तान ने कहा टीम कुछ रकम दान कर रही है, और इतनी ही राशि ईसीबी द्वारा भी दान की जाएगी, जो डीईसी आपातकालीन विभाग में जाएगा।
जोस बटलर ने इंटरनेशनल न्यूज के हवाले से कहा: “पाकिस्तान को बीते दिनों भयंकर बाढ़ का सामना करना पड़ा और हम उनका दर्द महसूस कर सकते हैं। हम इस मुश्किल घड़ी में क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान आकर बहुत खुश हैं। एक टीम के रूप में हम कुछ धनराशि दान कर रहे है, और इतनी ही रकम ईसीबी भी दान करेगा, जो हमारी तरफ से बाढ़ से पीड़ित पाकिस्तानी लोगों की मदद के लिए एक छोटा सा प्रयास है।”
जबकि ईसीबी ने एक आधिकारिक बयान में कहा: “यह पैसा डीईसी आपातकालीन विभाग में जाएगा, और हम सभी को स्वेच्छा अनुसार मदद करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। ईसीबी अपने खिलाड़ियों द्वारा किए गए दान के बराबर दान करके बहुत खुश है।”