CWC 2023: जोस बटलर को सता रहा है कप्तानी खोने का डर, पोस्टमार्टम मीटिंग से पहले ही कह दी दिल की बात
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर जारी वर्ल्ड कप 2023 में 150 रन तक नहीं बना पाए हैं।
अद्यतन - Nov 9, 2023 3:28 pm

इंग्लैंड क्रिकेट टीम की जारी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में बेहद निराशाजनक कहानी रही है, लेकिन जोस बटलर (Jos Buttler) आगे भी टीम के कप्तान बने रहना चाहते हैं। आपको बता दें, इंग्लैंड ने इस वनडे वर्ल्ड कप 2023 में अपने आठ मैचों में केवल दो मैच जीते हैं।
भारत में इस समय खेले जा रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में डिफेंडिंग चैंपियंस इंग्लैंड के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण टीम के सीमित ओवरों के सेट-अप में बदलाव की पूरी संभावना है। जोस बटलर (Jos Buttler) भी इंग्लैंड क्रिकेट टीम प्रबंधन की पोस्टमार्टम बैठक में शामिल होने वाले है।
रॉब की से मुलाकात करेंगे: Jos Buttler
दरअसल, स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज 11 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पाकिस्तान के खिलाफ टीम के आखिरी CWC 2023 से पहले इंग्लैंड क्रिकेट निदेशक रॉब की से भी मुलाकात करेंगे। आपको बता दें, इंग्लैंड टीम जारी वनडे वर्ल्ड कप 2023 से एलिमिनेट हो चुकी है, लेकिन नीदरलैंड के खिलाफ 160 रनों की जीत के साथ उनके पास अभी भी पाकिस्तान में खेली जाने वाली 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी जगह पक्की करने का मौका है।
इस बीच, जोस बटलर (Jos Buttler) को अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर इंग्लैंड के कप्तान बने रहने की उम्मीद है। जोस बटलर (Jos Buttler) ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा, “मैं कैरेबियन में इंग्लैंड की कप्तानी करना चाहूंगा। मुझे पता है कि रॉब की आज भारत आ रहे हैं। हम उनके, कोच और सभी के साथ मीटिंग करने जा रहे हैं और उस दौरे के लिए एक योजना बना सकते हैं।
‘मैं कप्तान बने रहना चाहूंगा’
लेकिन हां, मैं कप्तान बने रहना चाहूंगा। आप आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहते हैं और आप अपने प्रदर्शन में वो चीज दिखाना चाहते हैं। मैं इस चीज पर कायम रहूंगा, जिसने लंबे समय तक मेरी मदद की है। मेरी फॉर्म अच्छी नहीं रही और उम्मीद है कि मैं जल्द ही इस खराब दौर से बाहर आऊंगा।”