टेस्ट में सिर्फ एक शतक लगाने वाला खिलाड़ी भी अब विराट को दे रहा है फॉर्म में वापस आने की सलाह
जब आप शांत रहेंगे तो आपके शॉट चयन में सुधार होगा और आपके गलती करने की संभावना कम होगी- प्रवीण आमरे
अद्यतन - जुलाई 14, 2022 10:59 पूर्वाह्न

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और प्रसिद्ध कोच प्रवीण आमरे ने खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली को एक महत्वपूर्ण सलाह दी है। उनका मानना है कि, इन परिस्थितियों में विराट को शांत रहकर क्रीज पर अधिक समय बिताने की जरूरत है। आमरे ने कोहली से अपने लिए छोटे लक्ष्य निर्धारित करने का भी आग्रह किया, साथ ही कहा कि उन्हें अपने लंबे समय से खोए हुए फॉर्म को वापस पाने से केवल “एक अच्छी पारी” की जरूरत है।
कोहली पिछले ढाई साल से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, पिछले तीन सालों से कोहली ने एक भी शतक नहीं लगाया है। हालांकि उन्होंने इस दौरान कुछ अच्छी पारियां जरूर खेली है, लेकिन इस दौरान वो अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कोहली का आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक नवंबर 2019 में आया था, जब उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन में पिंक बॉल टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ 136 रन बनाए थे।
इस बीच प्रवीण आमरे ने जागरण टीवी के हवाले से कहा कि, “विराट को शांत रहने की जरूरत है। उन्हें ज्यादा नहीं सोचना चाहिए और अपने खेल पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्हें बड़ी पारी के लिए विकेट पर अधिक समय बिताने की जरूरत है। यह विराट के लिए केवल एक अच्छी पारी की बात है। इसके लिए उन्हें छोटे लक्ष्य, जैसे पहले 10 रन बनाने के बारे में सोचना चाहिए।”
विराट लक्ष्य का पीछा करने वाले एक मास्टर खिलाड़ी हैं- प्रवीण आमरे
उन्होंने आगे कहा कि, “याद रखें कि विराट लक्ष्य का पीछा करने वाले एक मास्टर खिलाड़ी हैं। उन्हें खुद की मदद करने और शांत रहने की जरूरत है। जब आप शांत रहेंगे, तो आपके शॉट चयन में सुधार होगा, और आप गलती करने से बचेंगे। इसलिए मुझे लगता है कि विराट को छोटे लक्ष्यों का पीछा करना चाहिए। इससे उन्हें बहुत मदद मिलेगी।”
आपको बता दें कि विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाए थे। हालांकि ख़बरों की माने तो दूसरे टेस्ट वनडे मैच में भी विराट का खेलना मुश्किल माना जा रहा है।माना जा रहा है कि, विराट अभी तक अपने चोट से पूरी तरह उबार नहीं पाए हैं।