‘आप ड्राइवर का खर्चा…’: ऋषभ पंत के एक्सीडेंट पर कपिल देव के बयान ने मचाया तहलका
कपिल देव ने युवा क्रिकेटरों को खुद की जिम्मेदारी समझने और सही फैसले लेने की सलाह दी है।
अद्यतन - Jan 2, 2023 7:59 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का 30 दिसंबर 2022 की सुबह घातक एक्सीडेंट हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार से चल रही कार डिवाइडर से जा टकराई। हालांकि, पंत की किश्मत अच्छी थी कि इस भयानक हादसे में उनकी जान बच गई, लेकिन भारतीय क्रिकेटर की कार जलकर राख हो गई।
इस समय, ऋषभ पंत का इलाज देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में किया जा रहा है, और उनकी स्थिति पहले से बहुत बेहतर हैं, क्योंकि उन्हें कथित तौर पर ICU से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इस बीच, इस दिल दहला देने वाले कार एक्सीडेंट को लेकर भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव ने चौंकाने वाला बयान दिया है।
भारत को 1983 में पहला वर्ल्ड कप दिलाने वाले पूर्व कप्तान ने कहा क्रिकेटरों को खुद की जिम्मेदारी समझते हुए अपने वाहन खुद चलाने के बजाय ड्राइवरों को नियुक्त करना चाहिए। भारतीय दिग्गज के इस बयान ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
आप ड्राइवर रख सकते हैं, खुद ड्राइव करने की क्या जरुरत है: कपिल देव
कपिल देव ने एबीपी न्यूज के हवाले से कहा, ‘हमें उन चीजों से बचने की कोशिश करनी चाहिए और बचना चाहिए, जो इस तरह के हादसों को जन्म देती हैं। यह हादसा युवा क्रिकेटरों के लिए बहुत बड़ी सीख है, खासकर पंत जैसे खास खिलाड़ियों के लिए। मुझे अपने करियर के शुरुआती दिनों में एक मोटरसाइकिल दुर्घटना का सामना करना पड़ा था, और इस एक दुर्घटना के बाद, मेरे भाई ने मुझे दोबारा कभी भी मोटरसाइकिल छूने भी नहीं दी।
हां, आपके पास अच्छी कार है, जिसकी गति बहुत तेज है, लेकिन आपको सतर्क और सावधान रहना चाहिए। आपको खुद ड्राइव करने की जरूरत नहीं है, आप ड्राइवर का खर्च उठा सकते हैं। मुझे पता है कि बहुत से लोग ड्राइविंग के शौकीन होते हैं और इस उम्र में ऐसा होना स्वाभाविक है, लेकिन जब आप पर इतनी सारी जिम्मेदारियां हों, तो आपको अपना ख्याल खुद रखना चाहिए। आपको अपने लिए चीजें खुद तय करनी होंगी। मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि ऋषभ पंत सुरक्षित है।’