IPL 2025: MI को लगा SRH के खिलाफ बड़ा झटका, बेहतरीन खिलाड़ी फील्डिंग करते समय हुआ चोटिल
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 162 रन बनाए।
अद्यतन - Apr 17, 2025 11:11 pm

इस समय मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2025 का महत्वपूर्ण मैच खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उनका यह फैसला सही साबित हुआ। सनराइजर्स हैदराबाद ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 162 रन बनाए।
इस दौरान मुंबई इंडियंस के बेहतरीन खिलाड़ी कर्ण शर्मा फील्डिंग करते समय चोटिल हो गए। कर्ण शर्मा की यह चोट काफी गंभीर नजर आई, क्योंकि वह इसके बाद मैदान पर फील्डिंग करने वापस नहीं लौटे। यह सब देखने को मिला सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के तीसरे ओवर में। दीपक चाहर की गेंद पर अभिषेक शर्मा ने कड़ा प्रहार करना चाहा। हालांकि, वह बड़ा शॉट नहीं मार पाए और गेंद कर्ण शर्मा के पास गई।
मुंबई इंडियंस के फील्डर के पास में ही गेंद गिरी और उनके हाथ में चोट लग गई। कर्ण शर्मा को यह चोट उनकी उंगली पर लगी और तुरंत वह मैदान छोड़कर बाहर चले गए। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को अपनी टीम के खिलाड़ी से बात करते हुए देखा गया।
मुंबई इंडियंस को मैच जीतने के लिए 20 ओवर में 163 रनों की जरूरत
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके शामिल रहे। अभिषेक शर्मा के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने 28 गेंद पर तीन चौके और दो चौकों की मदद से 37 रन की बहुमूल्य पारी खेली। ट्रेविस हेड बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 28 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। हालांकि, उन्होंने इस मुकाबले में अपने 1000 आईपीएल रन पूरे कर लिए।
मुंबई इंडियंस की ओर से विल जैक्स ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 14 रन देकर दो विकेट झटके। बाकी गेंदबाजों ने भी अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभाई। अब मुंबई इंडियंस को मैच जीतने के लिए 20 ओवर में 163 रन बनाने हैं।