केशव महाराज को है अपनी गेंदबाजी से काफी प्यार, घंटो तक विरोधी बल्लेबाजों को कर सकते हैं परेशान
केशव महाराज को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
अद्यतन - Aug 13, 2024 5:40 pm

हाल ही में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका की ओर से अनुभवी स्पिनर केशव महाराज ने शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने पहले टेस्ट में 66.2 ओवर फेकें थे, जिसमें उन्होंने आठ विकेट झटके थे।
यही नहीं इस बेहतरीन गेंदबाजी के लिए केशव महाराज को पहले टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। इस बीच केशव महाराज ने अपनी गेंदबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, केशव महाराज ने कहा कि, ‘स्पिन गेंदबाजी मेरा जुनून रहा है और यह मुझे काफी पसंद है। मैं सुबह के 2 बजे उठ सकता हूं, अगर आप मुझे गेंदबाजी करने को कहेंगे तो मैं यह जरूर करूंगा। मुझे इससे प्रोत्साहन मिलता है। मैं हमेशा से अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और अपनी टीम को एक अलग रास्ते पर ले जाना चाहता हूं। मैं पूरे दिन गेंदबाजी करने में सक्षम हूं।’
टेस्ट में मैं कभी नहीं चाहता हूं कि कप्तान मुझे गेंदबाजी से हटाए: केशव महाराज
केशव महाराज ने आगे कहा कि, ‘मैं चाहे कोई भी प्रारूप खेलूं, मैं हमेशा अपने वर्कलोड को ऐसे तैयार करता हूं कि मुझे टेस्ट क्रिकेट में भाग लेना है। जो चीज बदलती है वह मेरी लेंथ है और कभी-कभी अपनी लाइन को भी बदलने की कोशिश करता हूं। चाहे टी20 प्रारूप हो या वनडे क्रिकेट, मैं घंटो तक गेंदबाजी कर सकता हूं। मुझे खुद इस बात पर काफी खुशी महसूस होती है।’
उन्होंने ये भी कहा कि, ‘ दुनिया के बाकी स्पिनर्स की तरह मेरे पास ज्यादा वेरिएशन नहीं है और इसी वजह से मैं एक ही जगह पर लगातार गेंदबाजी करने की कोशिश करता हूं। मैं कभी नहीं चाहता कि टेस्ट क्रिकेट में कप्तान मेरे से गेंद लें और इसीलिए मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं।’
बता दें कि, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 15 अगस्त से शुरू हो रहा है। यह मुकाबला गयाना में खेला जाएगा।