भारत के खिलाफ 5वें टी20 मैच में पूर्व क्रिकेटर ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर आलोचना की, कहा- कभी गेंदबाजी नहीं की…
इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5वें टी20 मैच में 247 रन बनाए थे।
अद्यतन - Feb 3, 2025 3:37 pm

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए 5वें टी20 मैच में भारतीय बल्लेबाज तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नजर आए थे, खासकर सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। इंग्लैंड के 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर के खिलाफ भारतीय खिलाड़ी शानदार शाॅट खेल रहे थे।
गेंद जितनी तेजी से आती, उससे ज्यादा तेजी से ग्राउंड से बाहर जाती। इंग्लैंड के गेंदबाज समझ नहीं पा रहे थे, कि वह अभिषेक और भारतीय खिलाड़ियों को कहां पर गेंदबाजी करें। अभिषेक के 7 चौके और 13 छक्कों की मदद से 54 गेंदों में 135 रनों की शानदार पारी के दम पर, भारत ने मैच में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 247 रन बनाए।
दूसरी ओर, मैच में इंग्लिश गेंदबाजों के इस तरह के खराब प्रदर्शन को लेकर पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) गेंदबाजों की जमकर आलोचना करते हुए नजर आए हैं। पीटरसन ने इंग्लिश गेंदबाजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वे ऐसे दिख रहे थे जैसे उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कभी गेंदबाजी नहीं की।
Kevin Pietersen ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टी20 मैच को लेकर स्टार स्पोर्ट्स के साथ एक चर्चा में पीटरसन ने कहा- ईमानदारी से कहूं तो यह बिल्कुल अजीब गेंदबाजी थी। यहां क्या हो रहा था। विकेट बल्लेबाजी के लिए शानदार था, गेंदबाजी भी अच्छी और तेज थी।
गेंदबाजों ने कुछ भी गलत नहीं किया, लेकिन अभिषेक शर्मा हे भगवान उन्होंने यह गेंदबाजों के लिए कुछ ऐसा बना दिया, जैसे उन्होंने कभी इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदबाजी ही नहीं की। क्वालिटी गेंदबाजी के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन, यह कुछ कह रहा है।
पीटरसन ने आगे प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को लेकर कहा- वरुण चक्रवर्ती जैसे कंट्रोल वाले मिस्ट्री स्पिनर के पास पूरी सीरीज थी, यह मुश्किल होने वाला है। खेल के लंबे प्रारूप में उसका सामना करना बहुत आसान होगा और मैं कहता हूं कि 50 ओवर के प्रारूप में, कम से कम आप उसका हाथ देख सकते हैं।