अब आकाश चोपड़ा बता रहे हैं कि पोलार्ड को किस नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए
चोपड़ा का मानना है कि पांड्या बंधुओं की गैरमौजूदगी में इस साल मुंबई में पोलार्ड की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण है।
अद्यतन - Apr 7, 2022 5:54 pm

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने, आकाश चोपड़ा भारतीय टीम, इंडियन प्रीमियर लीग और विश्व क्रिकेट पर अपने विचारों को लेकर काफी मुखर रहे हैं, मुद्दा चाहे कोई भी हो आकाश चोपड़ा हर चीज पर बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। वह ट्विटर के अलावा अपने यूट्यूब चैनल पर नियमित रूप से अपने विचार व्यक्त करते हैं।
हाल ही में एक ट्वीट में आकाश चोपड़ा ने वेस्टइंडीज के सफेद गेंद के कप्तान और अनुभवी मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाज कायरन पोलार्ड के काफी नीचे बल्लेबाजी करने को लेकर अपनी राय रखी है, जो मुंबई के लिए टूर्नामेंट में जीत की राह पर वापस आने के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। बता दें कि इस सीजन मुंबई ने तीन मैच खेले हैं और तीनो में ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
आकाश चोपड़ा ने 7 अप्रैल के सुबह में अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, “क्या यह हर साल एक निरंतर थीम नहीं है- पोलार्ड को बल्लेबाजी करने के लिए कुछ और ओवर मिलने चाहिए? इस साल पांड्या बंधुओं के न होने से टीम में उनकी भूमिका काफी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।”
यहां देखिए आकाश चोपड़ा का वो ट्वीट
Isn’t it a constant theme every year—Pollard must get a few more overs to bat? More so this year with no Pandya brothers to bat either side of him…thoughts?
— Aakash Chopra (@cricketaakash) April 7, 2022
टूर्नामेंट के 2022 संस्करण में, पांड्या बंधु MI के लिए उपलब्ध नहीं हैं और अंतिम ओवरों में बड़े हिट्स लगाने का पूरा जिम्मा पोलार्ड पर है, जिस वजह से उन पर अतिरिक्त दबाव है। बता दें कि हार्दिक पिछले कुछ संस्करणों में टीम के लिए लगातार रन बनाने वाले खिलाड़ी थे और उन्होंने पोलार्ड के साथ साझेदारी करने के साथ-साथ बीच के ओवरों में समर्थन प्रदान किया था।
हालांकि पोलार्ड मौजूदा आईपीएल 2022 के पहले तीन मैचों में अपना स्वाभाविक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ पहले लीग मैच में, वह 5 गेंद में महज 3 रन बनाकर वापस लौटे राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ अगले मुकाबले में 24 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे मुकाबले उन्होंने अपनी पुराने फॉर्म में लौटने की कोशिश की और 5 गेंदों में 22 रन बनाए।