आखिर क्यों कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) उमेश यादव के लिए है उनकी लकी टीम जिसको लेकर उन्होंने अब किया खुलासा
उमेश यादव पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
अद्यतन - Mar 20, 2022 2:19 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक रोमांचक सीजन की शुरुआत में केवल 6 दिन का समय बचा है। इस सीजन में शामिल हुई सभी 10 टीमों के खिलाड़ी अपना प्रदर्शन दिखाने के लिए उत्सुक हैं। उनमें से एक भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव भी हैं, जो अपनी तेज गति के लिए जाने जाते हैं। पिछले सीजन में उमेश को दिल्ली की टीम ने 1 करोड़ रुपए में खरीदा था लेकिन उन्हें फ्रेंचाइजी द्वारा मैदान में खेलने का मौका नहीं दिया गया।
आपको बता दें कि फरवरी 2022 में आयोजित दो दिवसीय मेगा नीलामी में उमेश यादव पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने भरोसा जताया था और फ्रेंचाइजी ने 2 करोड़ रुपए में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया था। वर्ष 2014 में KKR ने IPL का खिताब अपने नाम किया था उस दौरान दांए हाथ के तेज गेंदबाज टीम का हिस्सा थे।
IPL 2022 सीजन की शुरुआत से पहले उमेश यादव ने खुलासा किया है कि वह अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी में शामिल होने के लिए खुश हैं। दांए हाथ के गेंदबाज ने कहा कि KKR के साथ उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं।
“KKR मेरे लिए भाग्यशाली टीम है”- उमेश यादव
उमेश यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि “मुझे KKR में वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। हमने 2014 में कप जीता था और KKR के साथ यादें बहुत अच्छी रही हैं। KKR से मुझे ट्रॉफी जीतने का अनुभव मिला है और यह टीम मेरे लिए भाग्यशाली है इसलिए मैं KKR के साथ फिर से जुड़ने पर काफी खुश हूं। मैं यहां अपने परिवार के साथ हूं और यहां तक कि मेरा बच्ची हुनर्र भी साथ में है, मैं उसके आसपास रहने से बहुत कम ही बोर होता हूं इसलिए ये तीन दिन का क्वारंटाइन आसानी से बीत गया।”
उन्होंने अपनी फिटनेस को लेकर कहा “मैं अपनी फिटनेस को लेकर भी अच्छा महसूस कर रहा हूं और इस सीजन के शुरू होने का इंतजार कर रहा हूं। मैं KKR के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा और मेरा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना होगा।”
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस इस समय पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज को लेकर IPL के शुरुआती कुछ मैचों के लिए अनुपलब्ध हैं, ऐसे में KKR द्वारा उमेश को मौका देने की संभावना है। उमेश ने अपने IPL करियर में कुल 121 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 30.08 की औसत से 119 विकेट लिए हैं।