IPL 2025: KKR vs GT मैच के दौरान कैसा रहेगा ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच का मिजाज, पढ़ें ये रिपोर्ट
पॉइंट्स टेबल में इस वक्त टॉप पर है गुजरात टाइटंस की टीम।
अद्यतन - अप्रैल 20, 2025 12:05 अपराह्न

IPL 2025 का 39वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। KKR की बात करें तो उन्होंने इस सीजन अब तक 7 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 3 में उन्होंने जीत दर्ज की है और वो 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर हैं। वहीं गुजरात टाइटंस की बात करें तो उन्होंने भी 7 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 5 में जीत मिली है और वो पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर हैं। दोनों टीमों के बीच खेले जाने इस मैच से पहले हम आपको बताएंगे कि KKR vs GT मैच के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच का मिजाज कैसा रहेगा।
KKR vs GT: ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट
कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम IPL का सबसे ऐतिहासिक और रोमांचक वेन्यू माना जाता है। यहां की पिच सपाट और उछाल भरी होती है, जिससे बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका मिलता है। इस वजह से अक्सर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि, खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, पिच धीरे-धीरे धीमी पड़ने लगती है और यहीं से स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो जाती है। खासकर दूसरी पारी में स्पिनर्स को यहां अच्छा टर्न और ग्रिप मिलती है, जिससे बल्लेबाजों को रन बनाना मुश्किल हो जाता है।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम IPL रिकॉर्ड और आंकड़े
अगर आंकड़ों की बात करें, तो ईडन गार्डन्स में कुल 96 IPL मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें से 40 बार पहली बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि 56 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने बाजी मारी है। ऐसे में कहा जा सकता है कि इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का पलड़ा भारी है। इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 160 से 170 रन के बीच रहता है।
KKR vs GT: कोलकाता का वेदर रिपोर्ट
AccuWeather की रिपोर्ट के मुताबिक, मैच शुरू होने के समय तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि मुकाबले के खत्म होते-होते यह घटकर लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा. हालांकि तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन ह्यूमिडिटी यानी उमस का स्तर 60% से 79% के बीच रहेगा, जो खिलाड़ियों को थोड़ा चुनौतीपूर्ण माहौल दे सकता है। फैंस को राहत की बात यह है कि आसमान साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की कोई संभावना नहीं है. इसका मतलब है कि दर्शकों को पूरे 20-20 ओवरों का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।